UP By Election Result: कटेहरी में तीन दशक बाद खिला कमल, कुंदरकी सीट भी सपा ने गंवाई, सीएम योगी का दिखा जादू
UP By Election Result Katehari And Kundarki Seat News In Hindi: बंटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे। सीएम योगी का यह संदेश पूरे देश में चर्चा का केंद्र रहा। इसने विकास पसंद हर किसी के दिल में जगह बना ली। यही कारण रहा कि कुंदरकी और कटेहरी में दशकों बाद कमल खिला और इस जीत के नायक बने योगी आदित्यनाथ। कुंदरकी से योगी के सिपाही रामवीर सिंह ने तो समाजवादी पार्टी को चारों खाने चित कर दिया। उपचुनाव में कुंदरकी की जीत सबसे बड़ी रही। यहं भाजपा ने 144791 वोट से जीत हासिल की। वहीं कटेहरी में भी तीन दशक बाद 'धर्म' का 'राज' हुआ और धर्मराज यहां से विधायक चुने गए। यहां के विकास कार्यों का असर यह हुआ कि तीन दशक बाद कटेहरी में कमल खिला। धर्मराज निषाद ने इस सीट से 34514 वोट से जीत हासिल की।
*2022 में कटेहरी में सपा ने 92808 से दर्ज की थी जीत*
2022 विधानसभा के आमचुनाव में समाजवादी पार्टी ने कटेहरी में 93524 वोट से जीत दर्ज की थी। इसमें सपा प्रत्याशी लालजी वर्मा ने ईवीएम से 92808 वोट हासिल किए थे। पोस्टल बैलेट से लालजी वर्मा को 716 वोट मिले थे। इस सीट पर भाजपा गठबंधन की निषाद पार्टी चुनाव मैदान में थी। यहां से अवधेश कुमार 85548 वोट पाए थे। पोस्टल बैलेट से इन्हें 280 यानी कुल 85828 वोट मिले थे। लालजी वर्मा को 37.78 व निषाद पार्टी के प्रत्याशी को 34.67 फीसदी वोट मिले थे। बसपा के प्रतीक पांडेय को 58485 वोट (23.62फीसदी) प्राप्त हुए थे।

*2024 उपचुनाव में कटेहरी में धर्म का राज*
तीन दशक बाद 2024 में भारतीय जनता पार्टी ने कटेहरी सीट अपने नाम की। यहां से भाजपा उम्मीदवार धर्मराज निषाद ने 104091 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। सपा उम्मीदवार शोभावती वर्मा को 69577 वोट मिले। यह सीट धर्मराज निषाद ने 34514 वोट से भाजपा को दिलाई। धर्मराज निषाद को ईवीएम के 103856 व पोस्टल बैलेट के 235 वोट मिले। उन्हें 45.57 फीसदी वोट मिले। शोभावती वर्मा को 30.46 वोट मिले। उन्हें ईवीएम के 69459 व पोस्टल बैलेट के 118 वोट मिले। इसके पहले 1991 में यह सीट भारतीय जनता पार्टी ने जीती थी। धर्मराज निषाद के पक्ष में सीएम योगी ने कई रैलियों को भी संबोधित किया थाा।
*2022 में कुंदरकी में सपा ने हासिल किए थे 1,25,792 वोट*
2022 में कुंदरकी से समाजवादी पार्टी ने जिया उर रहमान 1,25,465 वोट ईवीएम से मिले थे। पोस्ट बैलेट से 327 यानी कुल 1,25,792 वोट मिले। बर्क ने कुल 46.28 फीसदी वोट प्राप्त किए। भारतीय जनता पार्टी ने यहां से कमल कुमार को टिकट दिया था। कमल ने 2022 में ईवीएम से 82467 व पोस्टल बैलेट से 163 मत हासिल कर कुल 82630 वोट प्राप्त किए। उन्हें 30.4 फीसदी वोट मिले थे।
*2024 उपचुनाव में कुंदरकी में रामवीर को एकतरफा जीत*
कुंदरकी में रामवीर को एकतरफा जीत मिली। 36 राउंड तक की मतगणना में रामवीर सिंह ने एक लाख 70 हजार 371 मत प्राप्त किए, जबकि सपा उम्मीदवार मो. रिजवान महज 25580 वोट ही हासिल कर सके। रामवीर ने रिजवान को एक लाख, 44 हजार 791 वोट के अंतर से पराजित किया। रामवीर सिंह को 76 फीसदी से अधिक वोट मिले। वहीं समाजवादी पार्टी को महज 11.52 फीसदी वोट ही मिल सके।












Click it and Unblock the Notifications