धर्मांतरण मामला: मौलाना कलीम सिद्दीकी के तीन सहयोगी UP ATS के हत्थे चढ़े
लखनऊ, 26 सितंबर: पूरे भारत में धर्मांतरण गिरोह चलाने के आरोप में गिरफ्तार मौलाना कलीम सिद्दीकी के मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने दावत-ए-इस्लाम ट्रस्ट के मौलाना सिद्दीकी से पूछताछ के बाद तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। एटीएस को ये सफलता रविवार को हाथ लगी। इसके अलावा एटीएस ने यह भी दावा किया है कि मौलाना कलीम सिद्दीकी के संपर्क जाकिर नायक से भी हैं।

उत्तर प्रदेश एटीएस का कहना है कि उसने मौलाना कलीम सिद्दीकी के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें कथित तौर पर पूरे भारत में धर्मांतरण गिरोह चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आज गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मुजफ्फरनगर के कुणाल चौधरी, मोहम्मद हाफिज इदरीस और मोहम्मद सलीम के रूप में हुई।
बता दें कि पिछले हफ्ते 22 सितंबर को आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) की टीम ने जाने-माने इस्लामिक विद्वान मौलाना कलीम सिद्दीकी को मेरठ से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने सिद्दीकी को 5 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मौलाना पर आरोप है कि वो हरियाणा के मेवात इलाके में कलीम जाकिर नायक के वीडियो दिखाकर लोगों को कट्टर बनाता था। वहीं मौलाना से पूछताछ के बाद एटीएस इन तीन लोगों तक पहुंची है।
दिल्ली के जामिया इलाके के रहना वाले मुफ्ती काजी जहांगीर आलम कासमी और मोहम्मद उमर गौतम को 20 जून को एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के तीन महीने बाद मौलाना को गिरफ्तार किया गया था। एटीएस ने अब तक देश के विभिन्न हिस्सों से अपनी जांच के सिलसिले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इधर अवैध धर्मांतरण के सिंडीकेट को फंडिंग के मामले में पकड़े गए आरोपियों के बैंक खाते में 20 करोड़ फंडिंग के सबूत मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications