अपने संसाधनों से किसानों का कर्ज माफ करेगी योगी सरकार
यूपी के कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों से किया अपना वायदा हम पूरा करेंगे, अपने संसाधनों से किसानों का कर्ज माफ करेंगे।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चुनाव अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार में आने के बाद किसानों के कर्ज माफी की बात कही थी, ऐसे में यूपी में सत्ता में आने के बाद प्रदेश के किसानों को भाजपा सरकार से अपना वायदा पूरा करने की उम्मीद है। लोगों की उम्मीद पर खरा उतरने के साफ संकेत प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मीडिया को दिए अपने साक्षात्कार में दिए हैं।

सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश के किसानों से हमने जो वायदा किया था उसे जल्द से जल्द पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के कर्ज को माफ करने के लिए हम केंद्र की मदद नहीं मागेंगे और अपने ही संसाधनों ने इसे पूरा करेंगे। आपको बता दें कि हाल ही में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा था कि वह यूपी के किसानों की कर्ज माफी के लिए योगी सरकार को आर्थिक मदद नहीं करेंगे। जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा अपने वायदे से पीछे हट सकती है, लेकिन प्रदेश के कृषि मंत्री ने अपने बयान से साफ कर दिया है कि वह अपने वायदे को पूरा करेंगे।
इसे भी पढ़ें- क्या मोदी को रोकने के लिए अखिलेश चलेंगे ये आखिरी दांव?
प्रदेश सरकार की पहली कैबिनेट बैठक 4 अप्रैल को होनी है, माना जा रहा है कि इस बैठक में योगी आदित्यनाथ प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ करने का ऐलान कर सकते हैं। यूपी के चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने साफ किया था कि अगर प्रदेश में भाजपा की सरकार आती है तो वह पहली ही कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ करवा देंगे। ऐसे में प्रदेशभर के किसानों की नजर कल होने वाली प्रदेश सरकार की पहली कैबिनेट की बैठक पर टिकी है।












Click it and Unblock the Notifications