उत्तर प्रदेश: केंद्रीय मंत्री और करहल से भाजपा प्रत्याशी एसपी बघेल के काफिले पर हमला
लखनऊ, 16 फरवरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल के काफिले पर कथित तौर पर मंगलवार रात को हमला हुआ है। मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार एसपी बघेल पर ये हमला तब हुआ जब वो क्षेत्र में अपने प्रचार के लिए जा रहे थे। मैनपुरी पुलिस ने बताया कि एसपी बघेल के काफिले पर अत्तिकुल्लापुर गांव के पास पत्थरबाजी की गई। बघेल को इसमें चोट नहीं आई है लेकिन कुछ गाड़ियों में नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केंद्रीय कानून राज्यमंत्री एसपी बघेल करहल में बीजेपी के उम्मीदवार हैं। इस सीट पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में इस सीट पर पूरे प्रदेश की निगाहें हैं। करहल में यूपी चुनाव के तीसरे चरण में 20 फरवरी को वोट डाले जाने हैं, ऐसे में इस समय यहां प्रचार जोरो पर है।

भारतीय जनता पार्टी ने बघेल के काफिले पर हमले का आरोप सपा पर लगाया है। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि करहल विधानसभा से बीजेपी के उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हमला दर्शाता है कि वहां से सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव हार की कगार पर खड़े हैं। सपा समझ ले कि चुनाव में जीत जनता के आशीर्वाद के बल पर मिलती है ना कि गुंडों के आतंक से। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इस घटना पर ट्वीट कर कहा है कि मैनपुरी के करहल में बीजेपी प्रत्याशी प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के काफिले पर सपाई गुंडों की ओर से हमला किया जाना उनका असली चरित्र दिखाता है।












Click it and Unblock the Notifications