जहरीली शराब से दो सगे भाइयों की मौत, तबाह हुआ परिवार
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल में जहरीली शराब पीने से दो सागे भाइयों की मौत हो गयी। दोनों भाई खेती किसानी करके अपने और अपने घर का पालन-पोषण करते थे। परिजनों ने गांव के युवक पर ही शराब पिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये है मामला
थाना नखासा के ग्राम पंशुखा मिलक में जहरीली शराब से 2 सगे भाइयों की मौत हो गयी। आरोप है कि गांव का ही एक युवक दोनों भाइयों की बहला फुसलाकर खेत में ले गया और दोनों भाइयों को जमकर शराब पिलाई। इसके बाद दोनों भाइयों को होश नहीं रहा। मौके पर पहुंचे परिजन दोनों भाइयों को घर लेकर आये और हालत बिगड़ते देख दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया।

डॉक्टर ने किया मृत घोषित
दोनों भाइयों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं आरोप ये भी है की आरोपी युवक से मृतकों का चकरोट को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा था जिसको लेकर परिजनों का शक है कि इसी विवाद को लेकर दोनों सगे भाइयों को जहरीली शराब पिलाई गयी। शराब से मौत की सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इन्तजार
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है कि जहरीली शराब का युवकों ने कैसे सेवन किया? कहीं शराब पहले से तो जहरीली नहीं थी या फिर किसी ने शराब में कोई जहरीला पदार्थ डाला। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने दोनों भाइयों के शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इन्तजार है। वहीं एक ही घर से दो भाइयों की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। ये दोनों भाई अपने खेत में खेती- किसानी करके गुज़ारा कर रहे थे। मृतकों में एक भाई शादी शुदा है जिसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।












Click it and Unblock the Notifications