यूपी: पत्नी की कर रहा था पिटाई, साले ने उठाया खौफनाक कदम
मिर्जापुर। 16 मार्च को अहरौरा थाना क्षेत्र के चुनार चौराहे के पास खेत में मिले सुभाष की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि सुभाष की हत्या उसके साले ने की थी। जीजा द्वारा बहन को लगातार दी जा रही प्रताड़ना से वह क्षुब्ध था। इसी के चलते उसने सुनियोजित तरीके से बहनोई को मौत के घाट उतार दिया।

16 मार्च को खेत में मिला था शव
अहरौरा क्षेत्र के महमुदपुर निवासी 30 वर्षीय सुभाष का शव 16 मार्च को चुनार चौराहे के पास खेत में पड़ा मिला था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पत्थर के प्रहार से उसकी मौत की पुष्टि हुई थी। मृतक के पिता राधेश्याम की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज हुई थी। तहरीर में उन्होंने लिखा था कि सुभाष का साला संतोष उनके घर आया था। उसने सुभाष के हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी दी थी। इसी क्रम में संतोष ने हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया।

पत्नी को पीट रहा था पति
संतोष ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 16 मार्च को वह अपनी बहन सरोज और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मैहर से दर्शन कर लौटा था। उस दिन सुबह उसकी बहन का पति सुभाष शर्मा आया और जबरजस्ती बहन को साइकिल पर बैठा कर घर ले गए। बताया कि वह उसकी बहन को मायके नहीं आने देता था। इतना ही नहीं सुभाष उसकी बहन के साथ मार-पीट भी करता था और उस दिन सुभाष उसकी बहन को पिटता हुआ ले जा रहा था।

धक्का देकर गिरने पर पटका पत्थर
सुभाष को रास्ते में उसका साला संतोष मिल गया। संतोष ने बहन को घर जाने को कहा तो नशे में सुभाष संतोष को गाली देने लगा। इस पर संतोष ने सुभाष को धक्का दे दिया तो सुभाष वहीं गिर पड़ा। इसके बाद संतोष वहां पड़े पत्थर को सुभाष के सीने पर दे मारा। सुभाष वहां से चुनार चौराहे पर पहुंचा। सीने में दर्द होने के कारण उल्टियां करने लगा और वहीं दम तोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications