Snake Bite News: 'हर हर महादेव' बोलते हुए सांप को बनाया गले का हार, चंद सेकेंड में सब खत्म!
Shahjahanpur snake bite news: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बंडा इलाके में एक युवक ने सांप पकड़कर अपने गले में डाल लिया। खेल-खेल में सांप ने युवक को डस लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक सांप को गले में डालकर इधर-उधर घूमते हुए दिख रहा है। बताया जा रहा है कि सांप ने उसे डसने के बाद भी युवक ने लापरवाही बरती और कोई उपचार नहीं लिया। परिजनों ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराना शुरू कर दिया, जिससे उसकी जान चली गई।

सांप को पकड़कर बना रहा था वीडियो
शाहजहांपुर के बंडा इलाके में रहने वाले 25 वर्षीय मुकेश के कच्चे घर में अचानक एक सांप निकल आया। सांप को देखते ही उसने उसे पकड़ लिया और अपने गले में डाल लिया। इसके बाद वह मोहल्ले के लोगों को सांप दिखाने लगा और फोटो खिंचवाने लगा। इसी दौरान सांप ने अचानक उसे डस लिया।
सांप के डसने के बाद कुछ ही मिनटों में मुकेश की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन इसके बावजूद वह अस्पताल जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने पर जोर देता रहा। परिजन भी उसे अस्पताल न ले जाकर तंत्र-मंत्र करने वालों के पास ले गए, जहां जड़ी-बूटियों से उसका इलाज करने की कोशिश की गई।
झाड़-फूंक में गई जान
जब झाड़-फूंक कराने से कोई फायदा नहीं हुआ और मुकेश की हालत और ज्यादा बिगड़ने लगी, तब परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन अभी भी इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं थे कि मुकेश की मौत हो चुकी है। उन्होंने झाड़-फूंक करने वाले को घर बुलाया और अंतिम संस्कार रोक दिया।
सांप के काटने पर क्या करें?
- जिस अंग पर सांप डसे, उसे स्थिर रखें और हिलाएं नहीं।
- घबराने से बचें, क्योंकि घबराहट से दिल की धड़कन तेज हो सकती है और जहर तेजी से फैल सकता है।
- प्रभावित स्थान पर चीरा लगाने या किसी घरेलू उपाय का प्रयोग करने से बचें।
- तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर इलाज कराएं।












Click it and Unblock the Notifications