VIDEO: बड़े स्कूल के ड्राइवर ने शराब के नशे में सड़क पर बस से रौंद डाली मासूम
हादसे से भौखलाए इलाके के लोगों ने बस रोककर नशे में धुत बस चालक की जमकर पिटाई की। सड़क पर आक्रोशित जनता द्वारा किए जा रहे बवाल को पुलिस ने अपने कंट्रोल में लिया।
हरदोई। नानी के घर आई मासूम की एक स्कूल बस ने जान ले ली। सड़क पर अपनी नानी का हाथ थामे जा रही मासूम को एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने रौंद दिया। बच्चों से भरी हुई एक स्कूली बस ने मासूम की खुशी और मां से मिलने की आस को इस तरह रौंदा की वो अपनी आंखे भी ना खोल सकी और अपने घर की तरफ जाने वाली राह से एक ऐसे घर की राह पर चली गई जहां से कोई वापस नहीं आता। इस दर्दनाक और भयानक हादसे से बस में बैठे सभी नौनिहाल भयभीत हो उठे और सभी की आंखे उस लहूलुहान मासूम को देख नम हो गईं।

स्कूली वाहनों का ये कोई नया कारनामा नहीं है बल्कि आए दिन नशे में धुत वाहन चालक ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और तो और स्कूल प्रशासन इन चालकों की तरफ पता नहीं कितना ध्यान दे रहा है। पुलिस महकमा इन तेज रफ्तार नशे में धुत वाहन चालकों के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाने का प्रयास भी कर रही है कि नहीं! ये मामला भी दिल दहला देने वाला था। घटना हरदोई जिले के कोतवाली शहर के एसपी बंगले से दस कदम की दूरी पर घटी। जब एक सात वर्षीय मासूम दुर्गा अपनी नानी रूपवती के घर से नानी के ही साथ वापस बेहटागोकुल थानाक्षेत्र के एक गांव में अपने घर जा रही थी। तभी उधर से आ रहे सेंट जेवियर्स की बच्चों से भरी स्कूली बस ने उस मासूम को अपनी चपेट में ले लिया और रौंदती हुई चली गई।
इस दौरान बच्ची की दुर्घटना पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से भौखलाए इलाके के लोगों ने बस रोककर नशे में धुत बस चालक की जमकर पिटाई की। इसके बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर आक्रोशित जनता द्वारा किए जा रहे बवाल को शांत कराया और चालक और बस को अपनी गिरफ्त में ले लिया। साथ ही बच्ची के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं पुलिस ने इस मामले पर अपनी चुप्पी सधी हुई है और कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर रही है। ऐसे में कैसे सुधरेगी यातायात व्यवस्था और कैसे लगेगा नशे में वाहन संचालित करने वाले इन आरोपियों और इनको बढ़ावा देने वाले इन स्कूलों पर अंकुश? बता दें कि जिस स्कूल की ये बस है वो शहर का एक जाना माना और प्रतिष्ठित स्कूल है और जब इन जैसे स्कूलों में इस तरह की लापरवही बरती जा रही है तो अन्य स्कूल तो लापरवाही के क्षेत्र में अपने चरम पर होंगे ही!












Click it and Unblock the Notifications