UP News: रील बनाने की सनक में दो किशोरों ने जोखिम में डाली हजारों यात्रियों की जान, जानें पूरा मामला
UP News: हरदोई में दो किशोरों ने रील बनाने के चक्कर में सैकड़ों यात्रियों की जान को खतरे में डाल दिया। शनिवार सुबह लखनऊ-बरेली रेलवे लाइन पर पिहानी रोड ओवरब्रिज के नीचे उन्होंने रेलवे ट्रैक पर लोहे का बोल्ट और पत्थर रख दिया। ट्रेन गुजरने के बाद वे उसकी तस्वीरें लेकर वीडियो बनाने लगे।
इस दौरान दून एक्सप्रेस के चालक ने स्थिति भांपते हुए कुछ दूरी पर जाकर ट्रेन रोक दी। रेलवे अधिकारियों को जानकारी दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची आरपीएफ टीम ने दोनों किशोरों को पकड़ लिया। गनीमत रही कि किसी बड़े हादसे से ट्रेन बच गई, लेकिन घटना के बाद रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फील्ड यूनिट टीम ने ट्रैक पर मिले निशानों और अन्य सबूतों को इकट्ठा किया। जांच में पता चला कि ट्रेन के पहियों पर हल्के स्क्रेच आए हैं, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
ट्रेन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर आरबी सिंह ने बताया कि किशोरों ने सिर्फ वीडियो बनाने के लिए यह शरारत की थी, इसमें किसी साजिश का संकेत नहीं मिला। पुलिस किशोरों से पूछताछ कर रही है और उनके परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने किशोरों को हिरासत में लिया
कोतवाली प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि एक किशोर सांडी थाना क्षेत्र के सहोरा गांव का रहने वाला है, जबकि दूसरा बिलग्राम कोतवाली के कन्हारी गांव का निवासी है। दोनों एक दिन पहले अपने रिश्तेदार के घर आए थे और मस्ती-मजाक में इस खतरनाक हरकत को अंजाम दे दिया।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों किशोरों ने पहले ओवरब्रिज पर सेल्फी खींची और फिर रेलवे ट्रैक पर घूमते हुए वीडियो बनाने लगे। ट्रेन आती देख उन्होंने ट्रैक पर लोहे का बोल्ट और पत्थर रख दिया। उनका मकसद केवल यह देखना था कि ट्रेन के पहियों से टकराने के बाद बोल्ट किस तरह चपटा हो जाता है।
पुलिस पूछताछ में किशोरों ने बताया कि उन्होंने सुना था कि ट्रेन के पहियों के नीचे आने पर लोहे का टुकड़ा पूरी तरह चपटा हो जाता है। इसी जिज्ञासा में उन्होंने यह हरकत की। हालांकि, पुलिस इस बयान से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है और उनके मोबाइल की जांच कर रही है।
ट्रेन के पहियों में हल्का नुकसान
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के पहियों में हल्के निशान आए हैं, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। फिर भी, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है। रेलवे अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा होने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications