यूपी: पुलिस और बदमाशों में एक बार फिर हुई मुठभेड़, एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर में एक बार फिर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की वारदात सामने आई है। मुठभेड़ में एक लाख के इनामी बदमाश शमीम को गोली लगी है। जिसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ में गोली लगने की वजह से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान एक लाख का एक अन्य इनामी बदमाश पुलिस की नजरों से बचकर भाग निकला। पुलिस उसे पकड़ने के लिए जंगल में खोजबीन कर रही है।

दरअसल मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के वहलना बाईपास का है, जहां पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार दोनों संदिग्ध युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी बाइक सवार दोनों संदिग्धों पर फायरिंग की, जिसमे बाइक सवार एक युवक को गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान एक लाख के इनामी बदमाश शमीम के रूप में हुई है। जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने जंगल में घंटो तक कॉम्बिंग की।

पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गोली लगने की वजह से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शमीम के पास से एक पिस्टल, तमंचा, भारी मात्रा में कारतूस और एक बाइक बरामद की है। बताया जा रहा है कि शमीम नाम का यह बदमाश बेहद शातिर है जो हथियार तस्करी के मामले में पहले भी दिल्ली और यूपी में जेल जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications