यूपी: दुश्मन को फंसाने के लिए बीवी संग जा रहे बेगुनाह का मर्डर
विशाल, पत्नी के साथ मंदिर जाने के लिए घर से निकला ही था कि बाइक सवारों ने उनको गोली मार दी। पुलिस ने इस हत्याकांड के खुलासे में बताया कि किसी और को फंसाने के लिए इसे अंजाम दिया गया था।
मुरादाबाद। मुरादाबाद में हुये सनसनीखेज हत्याकाण्ड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने युवक विशाल की हत्या प्रतिद्वंद्वी को फंसाने के लिये की थी। पुलिस ने हत्या करने वाले दोनो अपराधियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयोग किये गये हथियारों को बरामद कर लिया है। जबकि इस हत्याकाण्ड के मास्टर माइंड को अभी तक पुलिस की गिरफ्तार नहीं कर पायी है। उसकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस छापे मार रही है।

शहर में दिनदहाड़े हुआ यह हत्याकाण्ड मुरादाबाद के मुण्डापांडेय थाना क्षेत्र का है । यह घटना 9 जनवरी की सुबह की है जब विशाल, पत्नी ममता के साथ भगवान के दर्शन करने उत्तराखंड के बाजपुर जा रहा था। इसी दौरान जब विशाल और ममता बाइक से गांव से बाहर निकल सड़क तक ही पहुंचे थे तभी पीछे से बाइक से आये दो बदमाशों ने गोली मारकर विशाल की हत्या कर दी और फरार हो गये ।
पुलिस ने जब घटनास्थल पर जांच की तो वहां से एक मोबाइल मिला। पुलिस ने जब मोबाइल की डिटेल निकाली तो वह ई कचरा कारोबारी नफीस और सट्टा किंग साबिर कालिया का निकला । जब पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो अनीस और दो शूटरों का नाम सामने आया। दोनों का नाम नाजिम है।

पुलिस ने जब कड़ाई से दोनों नाजिम से पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल लिया और बताया कि उनको हत्या करने के लिये 50 हजार रुपये और बाइक दी गयी और कहा गया था कि किसी को भी गोली मारकर हत्या कर देना और उसके पास मोबाइल फेंक देना जिससे ई कचरा कारोबारी और सट्टा किंग साबिर कालिया इस हत्याकाण्ड में फंस जाये।

फिलहाल पुलिस ने इस पूरे मामले में दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है साथ ही मास्टर माइंड अनीस की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications