यूपी: मेडिकल स्टोर में गुटखा, पान मसाला खाकर गए तो नहीं मिलेगी दवा!
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मेडिकल स्टोर संचालकों ने एक अनूठी पहल की है। उन्होंने पान मसाला और सिगरेट का सेवन करनेवालों के खिलाफ मुहिम छेड़ी है।
रायबरेली। अगर आप तंबाकू, पान मसाला या सिगरेट का सेवन करते हैं तो हो जाइये सावधान क्योंकि हो सकता है मेडिकल स्टोर से आपको दवा न मिले। उत्तर प्रदेश में इसकी शुरुआत रायबरेली में हो गई है जहां मेडिकल स्टोर के संचालक कह रहे हैं कि अगर कोई गुटखा खाकर या सिगरेट पीते हुए आएगा तो उसे दवाई नहीं देंगे। इसके साथ ही गांधीगिरी दिखाते हुए मेडिकल स्टोर के कर्मी उनको गुलाब का फूल देकर शर्मिंदा भी कर सकते हैं।

रायबरेली के मेडिकल स्टोर संचालकों की पहल
रायबरेली शहर के जिला अस्पताल चौराहे पर खुली सभी मेडिकल स्टोरों पर बड़े-बड़े अक्षरों में पर्चे लगे हुए हैं कि यहाँ पर तम्बाकू, पान मसाला, सिगरेट आदि वर्जित है। यही नहीं सभी दुकानदारों ने अस्पताल चौराहे पर शपथ भी ली कि हम लोग व हमारे कर्मचारी भी पान मसाला सिगरेट आदि का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी जागरूक करेंगे।

गुटखा, तंबाकू, पान मसाला, बीड़ी, सिगरेट के खिलाफ मुहिम
दुकानदारों ने कहा कि हम सभी मुख्यमंत्री योगी जी के कार्यों से खुश हैं और लोगों को भी अब स्वच्छता के मद्देनजर जागरूक कर रहे हैं। यही नहीं दुकानदारों ने यह भी कहा कि अगर कोई भी कस्टमर बीड़ी, सिगरेट फूंकते हुए या गुटखा, पान मसाला खाते हुए दवा लेने आएगा तो हम लोग उसे दवा नहीं देंगे।

पहली भूल पर गांंधीगिरी, दूसरी भूल माफ नहीं
मेडिकल स्टोर संचालकों ने कहा कि पहली बार में उनको फूल देकर गांधीगिरी दिखाकर दवा दे देंगे। अगर फिर भी दूसरी बार पान मसाला खाकर या धूम्रपान करते हुए कोई आएगा तो उसे ऐसे की लौटा देंगे और दवा नहीं देंगे।

ग्राहकों पर दिखा इस पहल का असर
वहीं पान मसाला खाकर दवा लेने आये ग्राहकों ने भी बताया कि दुकानदार ने दवा देने से मना कर दिया और हमे गुलाब का फूल दिया। जब हमने कहा कि हम लोग अब कभी पुड़िया नहीं खाएंगे तो दुकानदार ने दवा दी। इस काम से हम लोगों को सीख मिली है और अब हम लोग भी दूसरों को जागरूक करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications