Nikki Murder Case: निक्की जिंदा जलाई गई? गैस सिलिंडर फटा? कहानी में कितने झोल? भाभी सच्ची या कंचन? समझें
Nikki Murder Mystery Case: ग्रेटर नोएडा के निक्की भाटी (28) की दर्दनाक मौत ने न केवल उत्तर प्रदेश को झकझोरा, बल्कि इस हत्याकांड ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। 21 अगस्त 2025 को सिरसा गांव में निक्की को कथित तौर पर आग लगाकर मार डाला गया। उनकी बहन कंचन का दावा है कि यह दहेज के लिए क्रूर हत्या थी, लेकिन नए CCTV फुटेज, फोरेंसिक सबूत, और एक अस्पताल मेमो ने इस केस को रहस्यमयी बना दिया।
क्या निक्की को जिंदा जलाया गया, या यह गैस सिलेंडर ब्लास्ट था? और अब भाभी मीनाक्षी भाटी के आरोपों ने कंचन की कहानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आइए, इस क्राइम ड्रामे के हर झोल को समझें...

कंचन का दावा: 'ससुराल वालों ने जलाकर मारा'
निक्की की बड़ी बहन कंचन (Kanchan Bhati), जो विपिन के छोटे भाई रोहित की पत्नी है, ने 22 अगस्त को कासना थाने में FIR दर्ज की। इसमें उन्होंने विपिन, सास दया, ससुर सत्यवीर, और जेठ रोहित पर निक्की को मारने का आरोप लगाया। कंचन ने कहा, '21 अगस्त को शाम 5:30 बजे निक्की ने पार्लर दोबारा खोलने की बात की। विपिन ने मना किया और उसे इंस्टाग्राम रील्स बनाने से रोका। जब निक्की नहीं मानी, तो विपिन ने उस पर थिनर डाला और आग लगा दी। मैंने बचाने की कोशिश की, लेकिन मुझे भी पीटा गया। मैं बेहोश हो गई।'

कंचन ने तीन वीडियो शेयर किए, जो वायरल हो गए:-
- पहला वीडियो: विपिन और सास दया निक्की को बालों से घसीटकर मार रहे हैं।
- दूसरा वीडियो: विपिन निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालता दिख रहा है।
- तीसरा वीडियो: निक्की आग की लपटों में सीढ़ियों से लड़खड़ाती और गिरती दिख रही है।
कंचन ने बताया कि एक पड़ोसी की मदद से निक्की को पहले ग्रेटर नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल, जहां 70% जलने के कारण उनकी मौत हो गई। निक्की के पिता भिखारी सिंह ने कहा, 'मेरी बेटी को जल्लादों ने जला दिया। मैं PM मोदी और CM योगी से गुहार लगाता हूं कि हत्यारों को फांसी दी जाए।
CCTV का ट्विस्ट: विपिन घर पर था ही नहीं?
26 अगस्त को एक CCTV फुटेज ने केस को नया मोड़ दे दिया। सिरसा गांव में भाटी परिवार के घर के सामने एक किराने की दुकान का यह फुटेज 21 अगस्त की शाम 5:42 बजे का है। इसमें विपिन अपने 6 साल के बेटे के साथ दुकान पर खड़ा दिख रहा है, जब कंचन के वीडियो में निक्की को आग लगने की घटना हुई। 5:47 बजे अचानक हंगामा होता है, और विपिन एक बुजुर्ग व्यक्ति (कथित तौर पर सत्यवीर) के साथ घर की ओर दौड़ता है। 5:48 बजे विपिन कार में बैठकर निक्की को अस्पताल ले जाता दिखता है।
विपिन के चचेरे भाई देवेंद्र ने दावा किया, 'मैंने विपिन और उसके माता-पिता के साथ निक्की को अस्पताल पहुंचाया। वह बार-बार पानी मांग रही थी और कह रही थी कि उसे घुटन हो रही है। यह आत्महत्या थी, हत्या नहीं।' स्थानीय लोगों और विपिन के समर्थकों ने भी इसे सिलेंडर ब्लास्ट बताया।

अस्पताल मेमो और फोरेंसिक सबूत: सिलेंडर ब्लास्ट या थिनर?
27 अगस्त को एक निजी अस्पताल का मेमो सामने आया, जिसमें लिखा था कि निक्की 'गैस सिलेंडर ब्लास्ट' से जली थी। पुलिस को निक्की के कमरे से ज्वलनशील पदार्थ (संभवतः थिनर) मिला, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार ने कहा, 'हम हर कोण से जांच कर रहे हैं-दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, और आत्महत्या। CCTV और वीडियो की सत्यता की जांच हो रही है।'
पुलिस को संदेह है कि विपिन ने अपना कॉल लॉग डिलीट किया, जो जांच का अहम हिस्सा है। एक अधिकारी ने बताया,'घर में लगे CCTV कैमरे एक हफ्ते पहले अचानक बंद कर दिए गए थे, जो पंचायत की सहमति से लगाए गए थे।'
मीनाक्षी भाटी का सनसनीखेज खुलासा: 'निक्की के माता-पिता और भाई भी थे दहेज लोभी'
निक्की के भाई की पत्नी मीनाक्षी भाटी (Meenakshi Bhati) ने कहा कि 'निक्की का परिवार भी दहेज लोभी था। मेरी शादी 2016 में हुई थी, उसके बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। दहेज में घरवालों ने सियाज कार दी गई, लेकिन भाटी परिवार ने उसे 'अशुभ' बताकर स्कॉर्पियो की मांग की। दोनों ननदें (निक्की और कंचन) मुझे बाल पकड़कर घसीटती थीं। 2018 में मैंने दहेज का केस किया था, लेकिन, दबाव के चलते वापस लेना पड़ा। पिता की मौत के बाद से ही मायके में हूं। मैं 9 साल से मायके में हूं, और मेरा तलाक का केस चल रहा है।'
मीनाक्षी ने विपिन का बचाव करते हुए कहा, 'विपिन निक्की से बहुत प्यार करता था। उसने उसके लिए टैटू बनवाया था। यह हत्या नहीं, आत्महत्या थी। मैं बच गई, निक्की जल गई।' मीनाक्षी ने पंचायत पर भी सवाल उठाए, जो कथित तौर पर 35 लाख रुपये लौटाने या बहू को स्वीकार करने का दबाव बनाती थी।

विपिन का अंधेरा अतीत: दूसरी महिला और हिंसा
2024 में विपिन और उसके दोस्त तुषार के खिलाफ जारचा थाने में 21 साल की प्रीति नामक महिला ने FIR दर्ज की थी। प्रीति ने आरोप लगाया कि विपिन ने उसका फोन छीना और जान से मारने की धमकी दी। सूत्रों के मुताबिक, निक्की और कंचन ने विपिन को प्रीति के साथ "रंगे हाथ" पकड़ा था, जिसके बाद विपिन ने प्रीति को पीटा। इस घटना ने निक्की और विपिन के रिश्ते में तनाव बढ़ा दिया, और दोनों अलग-अलग कमरों में रहने लगे।
पुलिस ने बताया कि 2024 में फरवरी में निक्की और कंचन हिंसा के बाद मायके गई थीं, लेकिन पंचायत के दबाव में वापस लौटीं। जनमाष्टमी पर भी एक झगड़ा हुआ, लेकिन फिर सुलह हो गई।
अंतिम संस्कार का वीडियो: ससुर के आंसू या नाटक?
22 अगस्त को निक्की का अंतिम संस्कार सिरसा गांव के श्मशान घाट पर हुआ। एक वायरल वीडियो में ससुर सत्यवीर चिता को मुखाग्नि देते और रोते दिख रहे हैं। कंचन ने दावा किया था कि हत्या के बाद ससुराल वाले भाग गए, लेकिन इस वीडियो ने उनके दावे पर सवाल खड़े किए। निक्की के भाई विक्की ने कहा, "कंचन ने ससुराल वालों को अंतिम संस्कार के लिए 'आखिरी मौका' दिया था। सामाजिक दबाव में हमने इजाजत दी।"
कहानी में कितने झोल?
- कंचन का दावा: निक्की को विपिन और ससुराल वालों ने जला दिया। लेकिन CCTV और अंतिम संस्कार का वीडियो उनके "फरार" होने की बात को कमजोर करता है।
- CCTV फुटेज: विपिन घटना के समय दुकान पर था। क्या यह आत्महत्या थी?
- अस्पताल मेमो: सिलेंडर ब्लास्ट की बात क्यों सामने आई?
- मीनाक्षी का खुलासा: कंचन और निक्की पर दहेज उत्पीड़न का आरोप। क्या यह बदले की कहानी है?
- विपिन का अतीत: प्रीति के साथ हिंसा और निक्की के साथ तनाव। क्या यह हत्या का मकसद था?
पुलिस ने विपिन, दया, सत्यवीर, और रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। विपिन को 25 अगस्त को पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में गोली मारी गई। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 115(2) (चोट), और 61(2) (साजिश) के तहत केस दर्ज है।
सच क्या है?
निक्की भाटी की मौत-हत्या, आत्महत्या, या सिलेंडर ब्लास्ट-यह सवाल अब भी अनुत्तरित है। फोरेंसिक जांच, CCTV, और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस हर कोण की छानबीन कर रही है। कंचन की कहानी, मीनाक्षी के आरोप, और विपिन के समर्थकों की दलीलें इस केस को और उलझा रही हैं। क्या निक्की को दहेज के लिए जला दिया गया, या यह एक त्रासदी थी जिसे गलत समझा जा रहा है? सच सामने आने में अभी वक्त लगेगा, लेकिन यह हत्याकांड दहेज और घरेलू हिंसा के घिनौने चेहरे को फिर से उजागर कर रहा है।
ये भी पढ़ें- Nikki Bhati केस में नया ट्विस्ट: ससुर ने क्यों दी मुखाग्नि? फूट-फूटकर रोया, VIDEO ने कंचन के दावों को उलझाया!












Click it and Unblock the Notifications