26 जनवरी को बैंक में झंडा फहराने के बाद नहीं उतारा, थाने में शिकायत
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में बैंककर्मियों का कारनामा सामने आया है। यहां 26 जनवरी को बैंक पर झंडा फहराने के बाद उसे उतारा ही नहीं गया। मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने 36 घंटे के बाद झंडे को उतरवाया है। फिलहाल बैंक प्रबन्धक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है।

घटना थाना पुवायां की है जहां यूनियन बैंक आफ इन्डिया में कल 26 जनवरी को झंडा फहराया गया था। झंडा फहराने के बाद बैंक मैनेजर और स्टाफ बैंक में ताला डालकर चले गये और शाम को झंडे को उतारा ही नहीं गया। बैंक पर पूरी रात झंडा लगा रहा। सुबह में लोगों ने झंडा लगा देखा तो मामले की शिकायत पुलिस से की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची जहां छुट्टी के कारण बैंक बन्द मिली। बाद में सीढ़ी की मदद से झंडे को पुलिसकर्मियों ने उतारा। हलांकि मामले में बैंक मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस में तहरीर दी गई है लेकिन इस मामले में कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
शिकायतकर्ता राम तिवारी ने बताया कि यहां कल 26 जनवरी को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में ध्वजारोहण किया गया था। झंडा फहराने के बाद सभी कर्मचारी बैंक बंद करके चले गए। उसके बाद किसी ने झंडा उतारने के लिए आना मुनासिब नही समझा। आज भी बैंक से झंडे को नहीं उतारा गया जबकि अब 26 जनवरी को 36 घंटे बीत चुके हैं। उसके बावजूद झंडा नहीं उतारा गया। ये झंडे का अपमान ही है। इसलिए झंडे के अपमान के मामले में उन्होंने बैंककर्मियों के खिलाफ थाने मे शिकायत की है। वहीं इस मामले पर कोई भी अधिकारी बोलने को राजी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications