अखिलेश यादव ने मुंडन तो कराया, पर नहीं होगी Mulayam Singh Yadav की तेरहवीं
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का बीते दिनों गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से यूरिन इंफेक्शन और किडनी से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे थे। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को सैफाई में किया गया। उनके बेटे और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। वहीं, आज सुबह वह परिवार के साथ शुद्धिकरण संस्कार में शामिल हुए। शुद्धिकरण के बाद अखिलेश यादव ने मुंडन भी करा लिया है। माना जा रहा था कि सनातन परंपरा के अनुसार मुलायम सिंह यादव की भी तेरहवीं होगी। लेकिन ऐसा नहीं है। आइए जानते हैं इसके पीछे की वजह क्या है?

ये भी पढ़ें- 'जब नेताजी ही नहीं रहे, तो मैं जीकर क्या करूंगा', मुलायम के निधन से दुखी कानपुर में शख्स ने दी जान

मुलायम सिंह यादव की इसलिए नहीं होगी तेरहवीं
सैफई में सदियों से तेरहवीं नहीं करने की परंपरा चलती आ रही है। ऐसे में मुलायम सिंह यादव की भी तेरहवीं नहीं होगी। तेरहवीं नहीं मनाने को लेकर सैफई के लोगों का मानना है कि अगर कोई बड़ा आदमी तेरहवीं करता है, तो उसे देखकर छोटा आदमी भी करता है। ऐसे में बड़े आदमी को तो किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होती है, लेकिन छोटा आदमी कर्ज में डूब जाता है या फिर उसे पर एक्स्ट्रा आर्थिक बोझ आता है। यही वजह है कि सैफई के लोग तेरहवीं नहीं करते हैं। ऐसे में अब मुलायम सिंह यादव की भी तेरहवीं नहीं होगी।

मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन में लोगों की आंखें हो गईं थी नम
मुलायम सिंह यादव जमीन से जुड़े नेता थे। अपने राजनीतिक करियर के दौरान उन्होंने पिछड़ों के साथ-साथ हर एक जाति में सामंजस्य बैठा कर रखा था। यही वजह थी कि बुजुर्ग और युवा उन्हें नेताजी कहकर पुकारते थे। मुलायम सिंह के कामों और सरल व्यवहार का ही नतीजा था कि उनकी अंतिम यात्रा में लाखों की संख्या में लोग शामिल हुए। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए सैफई के मेला ग्राउंड में रखा गया था। इस दौरान लोगों की आंखें नम हो गईं थीं।

अंतिम यात्रा में शामिल हुए थे दिग्गज नेता
मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन में अखिलेश के अलावा उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव, प्रोफेसर राम गोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य शामिल हुए थे। वहीं, इस दौरान पूर्व सांसद डिंपल यादव समेत परिवार की अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं। मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में बाबा रामदेव, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, अभिषेक बच्चन, जया बच्चन, सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान, कमलनाथ, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे।

अंतिम संस्कार के बाद आज अखिलेश ने किया भावुक पोस्ट
पिता मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार के बाद भी अखिलेश यादव चिता के पास डटे रहे। वहीं, जब आज सुबह हुई तो उन्होंने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा-'आज पहली बार लगा, बिन सूरज के उगा सवेरा'। इस पोस्ट के साथ उन्होंने दो तस्वीरें शेयर की है। एक तस्वीर में वे पिता मुलायम सिंह यादव की जलती चिता के पास हाथ जोड़कर अकेले खड़े हुए दिख रहे हैं। वहीं, दूसरी तस्वीर सुबह की है, जब मुलायम का शरीर राख में तब्दील हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications