मिर्जापुर: वनइंडिया हिंदी की खबर पर हुई कार्रवाई, दो बसपा प्रत्याशियों पर केस
बहुजन समाज पार्टी के वर्तमान मझवां विधायक समेत दो प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन करने का मामला दर्ज हुआ है।
मिर्जापुर। बहुजन समाज पार्टी के वर्तमान मझवां विधायक समेत दो प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन करने का मामला दर्ज हुआ है। देहात कोतवाली में मझवां विधायक रमेश बिंद व सात अज्ञात समर्थकों पर गाड़ी को पार्टी के रंग में रंगकर प्रचार करने और मड़िहान थाने में बसपा के मड़िहान प्रत्याशी अवधेश कुमार पटेल समेत दो लोगों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ है। ये भी पढ़ें: आचार संहिता की जमकर उड़ रहीं धज्जियां, मिर्जापुर में लगे हुए हैं पोस्टर, शाहजहांपुर में बांटी किताब

बता दें कि मझवां विधायक रमेश बिंद की गाड़ी पर बहुजन समाज पार्टी के रंग और निशान में रंगे होने के साथ ही बैनर और पोस्टर भी लगा था जो कि आदर्श चुनाव आचार संहिता के मानक के विपरीत है। साथ ही गाड़ियों का काफिला लेकर निकलने की भी शिकायत हुई थी। निरीक्षण के दौरान फ्लाइंग दल के मजिस्ट्रेट पी.के श्रीवास्तव ने गाड़ी को आचार संहिता का उल्लंघन माना। इसके बाद मजिस्ट्रेट ने मझवां विधायक और सात अज्ञात समर्थकों के खिलाफ देहात कोतवाली में आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है।
मड़िहान प्रत्याशी पर दर्ज हुआ मुकदमा
मड़िहान के राजगढ़ स्थित शिवाजी स्टेडियम में मड़िहान से बसपा प्रत्याशी अवधेश कुमार पटेल का बैनर लगाकर क्रिकेट प्रतियोगिता करायी जा रही थी। आचार संहिता के लागू होने के बाद भी बसपा प्रत्याशी प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण में शामिल हुए थे। इसे संज्ञान में लेते हुए इस पर मड़िहान पुलिस ने प्रत्याशी अवधेश पटेल व राजेंद्र पटेल के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज कर लिया।
एसपी ने कहा वनइंडिया की खबर पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि आचार संहिता के उल्लंघन की दोनों कार्रवाई सोशल मीडिया के जरिए मिली। मझ्वां विधायक की खबर वाट्सअप के जरिए मिली और मड़िहान प्रत्याशी के आचार संहिता के उल्लंघन की सूचना वनइंडिया पर प्रकाशित होने के बाद मिली। दोनों प्रत्याशियों के खिलाफ उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया गया है। ये भी पढ़ें: बहराइच: सपा की राष्ट्रीय सचिव पर दर्ज हुआ आचार संहिता उल्लंघन का केस












Click it and Unblock the Notifications