मंदसौर के 'भल्लालदेव' के खिलाफ 'बाहुबली' बने राहुल गांधी
दिलचस्प बात ये है कि फिल्म के महिष्मति साम्राज्य को इस पोस्टर में मध्यप्रदेश का मंदसौर दिखाया गया और इसके खलनायक यानी 'भल्लालदेव' बने हैं एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान।
इलाहाबाद। इलाहाबाद में एक बार फिर से विवादित पोस्टर जारी हुआ है। कांग्रेस की ओर से जारी इस पोस्टर को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रेंड किया जा रहा है। पोस्टर में राहुल गांधी को फिल्म 'बाहुबली द कंक्लूजन' का महेंद्र बाहुबली बनाया गया है। जिनके हाथ में तलवार है और वो रौद्र रूप में भल्लालदेव का वध करने निकल पड़े हैं। दिलचस्प बात ये है कि फिल्म के महिष्मति साम्राज्य को इस पोस्टर में मध्यप्रदेश का मंदसौर दिखाया गया और इसके खलनायक यानी 'भल्लालदेव' बने हैं एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान।

जमकर है हो-हल्ला
कांग्रेस नेता हसीब अहमद द्वारा पोस्टर जारी करते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पोस्टर के सबसे ऊपर बाएं कोने में प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और प्रमोद तिवारी हैं। जबकि दूसरी ओर भल्लालदेव का मुकुट पहने सीएम शिवराज सिंह चौहान हैं। पोस्टर में मुख्य फोकस राहुल गांधी पर है। जिन्हें सिक्स पैक अवतार में चमकती बिजली के बीच रौद्र रूप में आगे बढ़ता दिखाया गया है। पोस्टर में लिखा है 'मध्यप्रदेश - मंदसौर के भल्लालदेव के खिलाफ राहुल गांधी बाहुबली-3।'
पोस्टर के वायरल होते ही शहर में जमकर हो-हल्ला मचा हुआ है। भाजपाइयों ने विरोध करते हुए कई जगह दीवार पर लगे पोस्टर फाड़ दिए। अब देखना ये है कि भाजपा की ओर से इस पोस्टर वार का जवाब किस तरह दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications