मोदी के गढ़ में विपक्ष को एकजुट करने "काशी" पहुंचीं ममता, रोड शो - रैली के बहाने ताकत दिखाने की कवायद
लखनऊ, 2 मार्च: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अपने अंतिम चरण में प्रवेश करता जा रहा है। पीएम मोदी ने पूर्वांचल में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पूर्वांचल में बीजेपी-सपा के बीच सीधी टक्कर से सभी बड़े नेताओं का जमावड़ा अब काशी में होने लगा है। चुनाव के अंतिम चरण में अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी एक बार फिर यूपी चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने जा रही हैं। विपक्ष को एकजुट करने में जुटीं ममता बुधवार को काशी पहुंच गईं और इस दौरान दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में भी हिस्सा लिया। कल वह काशी में सपा और उसके सहयोगी दलों की बड़ी रैली को संबोधित करने के बाद रोड शो कर अपनी ताकत का एहसास कराएंगी। हालांकि ममता को काशी पहुंचने पर विरोधियों द्वारा काले झंडे भी दिखाए गए।

काशी में एराही गांव में जनसभा को संबोधित करेंगी
छठे चरण के मतदान के बीच गुरुवार को ममता बनर्जी समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रैली करेंगी। काशी समेत 54 सीटों के लिए सातवें चरण में सात मार्च को मतदान होना है. एसपी के वाराणसी जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री 2 मार्च (बुधवार) की शाम को वाराणसी पहुंच गईं। अगले दिन वह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ एराही गांव में एक जनसभा को संबोधित करेंगी।
गठबंधन की रैली में शामिल होंगे सभी सहयोगी दल
मिश्रा ने कहा कि इस रैली में राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख जयंत चौधरी, सपा गठबंधन के साथी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर और अपना दल के कृष्णा पटेल भी मंच पर मौजूद रहेंगे। इस चुनाव में ऐसा पहली बार होगा जब एक ही रैली में सपा गठबंधन के सभी सहयोगी एक साथ मंच पर मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि इस चुनाव में विपक्ष की यह सबसे बड़ी रैली होगी और छठे चरण के मतदान के बीच इसे ताकत दिखाने के तौर पर पेश किया जाएगा।
विपक्षी दलों को एकजुट करने में जुटी हैं ममता
इससे पहले 8 फरवरी को ममता बनर्जी ने लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। तब ममता बनर्जी ने बीजेपी को हराने और सपा गठबंधन को जिताने की अपील की थी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने ऐसे समय में उत्तर प्रदेश के चुनावों में भाग लिया है जब कांग्रेस के साथ टीएमसी की तनातनी बढ़ रही है और वह 2024 के लोकसभा चुनावों के मद्देनजर विपक्षी दलों को भाजपा के खिलाफ एकजुट करने की कोशिश कर रही है। सपा पदाधिकारियों ने बताया कि 3 मार्च को ममता बनर्जी रोड शो भी करेंगी।

अगले तीन दिनों तक राजनीति का केंद्र रहेगा बनारस
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी स्थित कबीर चौरा मठ में अगले 3 दिन तक प्रवास करेंगी। कबीर चौरा मठ में संत कबीर दास जी ने अपना पूरा जीवन बिताया था। ये मठ कबीरदास जी की शिक्षाओं, संदेशों एवं स्मृतियों का केंद्र है। देशभर के कबीरपंथियों और कबीरदास जी को मानने वाले लोगों के लिए कबीर चौरा मठ एक मुख्य आकर्षण का केंद्र है। दरअसल सातवें और अंतिम चरण में वाराणसी सहित सोनभद्र, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, मिर्जापुर, गाजीपुर, चंदौली और भदोही की 54 सीटों पर वोटिंग 7 मार्च को होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वांचल को साधने के लिए बनारस को फिर से बेस कैंप बनया है। 4 मार्च को वे वाराणसी भी पहुंचेंगे। दो दिनों तक वह वाराणसी में ही रहेंगे। इन 4 दिनों में पीएम पूर्वांचल की 37 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications