OI Exclusive: महाकुंभ 2025 की कैसी चल रही है तैयारियां? लोगों में कितना है उत्साह, जानें हमारी रिपोर्ट में?
Maha Kumbh 2025: महाकुंभ 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं और प्रयागराज के घाट पर अब चहल-पहल बढ़ गई है। महाकुंभ मेला 2025 प्रयागराज में 13 जनवरी 2025 से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित होने जा रहा है। जैसे-जैसे महाकुंभ की तैयारियां तेज हो रही है, स्थानीय लोगों में उत्साह साफ झलक रहा है।
घाट पर नावों की कतार लगी हुई है, जो तीर्थयात्रियों और आगंतुकों को संगम तक ले जाने के लिए तैयार हैं। घाट की सुगमता और उन्नत सुविधाएं, सभी को देखकर ऐसा लगता है कि जैसे ये कुंभ भव्य और विशाल होने वाला है। वनइंडिया की टीम महाकुंभ की कवरेज के लिए प्रयागराज में है। ऐसे में हमारी टीम प्रयागराज से महाकुंभ पर लगातार ग्राउंड रिपोर्टिंग कर रही है। वनइंडिया ने कई निवासियों और नाविकों से बात की है, जिन्होंने इस विशाल आयोजन को लेकर अपने अनुभव और उम्मीदें साझा की हैं।

महाकुंभ 2025 को लेकर क्या बोले प्रयागराज के निवासी?
नाविक राजेश तिवारी ने कहा,
''कुंभ मेला हमारे काम में जान डाल देता है। हर दिन हजारों लोग संगम पर नाव की सवारी करने आते हैं और इस साल व्यवस्थाएं पहले से कहीं बेहतर हैं। हमें उम्मीद है कि इस कुंभ के आयोजन को इतिहास में याद रखा जाएगा।''
स्थानीय विक्रेता सीमा देवी ने कहा, "मैं यहां सालों से नाश्ता बेच रही हूं और कुंभ के दौरान हमारा कारोबार खूब फलता-फूलता है। यह देखकर खुशी होती है कि सरकार इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कदम उठा रही है। हमें उम्मीद है कि इस साल कुंभ में हमारी बिक्री में खूब बढ़ोतरी होने वाली है।''

अरैल घाट पर आए श्रद्धालु रमेश कुमार ने कहा,
"तैयारियां शानदार हैं। साफ-सफाई और सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है। इस आयोजन को देखना आध्यात्मिक आशीर्वाद है।"
महाकुंभ 2025: तैयारियों पर अहम जानकारी?
🔴 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी महाकुंभ 2025 के लिए देश-दुनिया से आने वाले सभी तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए सुगम परिवहन, बेहतर आवासीय सुविधाएं और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।
🔴 सीएम योगी ने हाल ही में सोमवार 23 दिसंबर को महा कुंभ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रयागराज के दौरे पर थे। इस दौरान सीएम योगी ने मेला क्षेत्र में निर्माणाधीन टेंट सिटी का दौरा किया। उन्होंने ठंड के मौसम को देखते हुए समय पर भोजन और अन्य चीजों की व्यवस्था करने के महत्व पर जोर दिया।
🔴 संगम तट पर स्थित अरैल में स्थापित की जा रही पूरी तरह से सुसज्जित टेंट सिटी में 6 हजार से अधिक लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। पूरे शिविर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
🔴 मुख्यमंत्री योगी ने यह भी कहा कि महाकुंभ के दौरान टेंट सिटी में ठहरने को लेकर आम जनता में काफी उत्साह है और उन्होंने आश्वासन दिया कि यह अनुभव सुखद होगा।
🔴 प्रोटोकॉल प्रबंधन के तहत मेला सर्किट हाउस में कुल 250 शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें 175 न्यायाधीशों के लिए होंगे। इसके अलावा टेंट सिटी में 2200 से अधिक शिविर लगाए जा रहे हैं। व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए तीन एडीएम स्तर के अधिकारियों समेत पूरी टीम तैनात की जा रही है।
🔴 इसके अलावा दो क्रूज, छह फ्लोटिंग जेटी, चार वीआईपी बोट, पांच मोटरबोट, 50 गोल्फ कार्ट और 50 टूरिस्ट गाइड की व्यवस्था की जा रही है।

महाकुंभ 2025 के दौरान चिकित्सा सुविधाआ कैसी होगी?
🔴 महाकुंभ के दौरान चिकित्सा सुविधाओं के लिए रानी अस्पताल और बर्न यूनिट को तैयार किया जा रहा है। पूरी चिकित्सा व्यवस्था 24x7 संचालित रहेगी। स्थायी और अस्थायी दोनों अस्पतालों में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ या दवाओं की कोई कमी नहीं रहने का निर्देश दिया गया है। स्वरूप रानी अस्पताल में 48 बेड की बर्न यूनिट में ऑपरेशन थियेटर और आईसीयू दोनों की सुविधा है।
🔴 सीएम योगी ने यह भी बताया कि पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग वार्ड बनाए जा रहे हैं और कर्मियों की शिफ्ट ड्यूटी का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि आपात स्थिति के दौरान एम्बुलेंस की प्रतिक्रिया का समय कम से कम किया जाए।
🔴 सीएम योगी ने ये भी निर्देश दिया कि मेले में आने वाले बुजुर्ग बच्चों, महिलाओं और विकलांग व्यक्तियों को विशेष देखभाल प्रदान की जाए।
🔴 अनुमान के मुताबिक इस बार महाकुंभ में 10 करोड़ लोगों के ट्रेन से आने की उम्मीद है। विभिन्न राज्यों से आने वाले लोगों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सीएम योगी ने सुझाव दिया कि रेलवे की घोषणाएं कई क्षेत्रीय भाषाओं में की जानी चाहिए। रेलवे अधिकारियों के साथ एक संक्षिप्त बैठक के दौरान उन्होंने कार्ययोजना पर चर्चा की और घोषणा की कि रेलवे स्टेशन से महाकुंभ मेला क्षेत्र तक यात्रियों को ले जाने के लिए रोडवेज बसें उपलब्ध होंगी।
वनइंडिया दे रहा है महाकुंभ 2025 पर स्पेशल कवरेज
वनइंडिया आपके लिए महाकुंभ 2025 से जुड़ी ताजा जानकारी लेकर आया है। व्यस्त अरैल घाट से लेकर के पवित्र संगम तक, हमारी टीम आपको इस ऐतिहासिक आयोजन के बारे में जानकारी देती रहेगी, जो भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। कुंभ मेले से जुड़ी जानकारियों और खास खास इंटरव्यू के लिए हमारे साथ बने रहें।












Click it and Unblock the Notifications