Maha Kumbh 2025: 'कुंभ में मुसलमानों को...', जानिए सपा विधायक और पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने क्या कहा?
Maha Kumbh 2025: महाकुंभ 2025 में मुस्लिम धर्म के लोगों के प्रवेश को लेकर बवाल मचा हुआ है। कई संत और धार्मिक संगठन महाकुंभ स्नान में मुसलमानों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए लगातार बयान दे रहे हैं। इधर कुछ लोगों द्वारा इस मामले पर विरोध भी प्रकट किया जा रहा है।
इसी बीच गाजीपुर की जमानिया विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक और पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह का बयान भी सामने आया है। महाकुंभ में मुसलमानों की प्रवेश को लेकर पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह द्वारा बड़ा बयान दिया गया है।

सपा विधायक और पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि अगर मुसलमान कुंभ में जाना चाहते हैं तो मैं उन्हें साथ लेकर जाऊंगा। उन्होंने यह भी कहा कि मां गंगा सबकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधा और महाकुंभ की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए।
जालिम हुकूमत है, कुंभ में पैसा लुटाया जा रहा
इसके अलावा पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने महाकुंभ को लेकर कहा कि कुंभ में सिर्फ पैसा लुटाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं कहूंगा कि ये एक जालिम हुकूमत है। देश में मौजूदा सरकार का न तो कोई अपना है और न ही कोई सपना।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी सरकार की तुलना फासिस्ट सरकार की तरह की और कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है जब लोकतांत्रिक सरकार जुल्म करने का काम कर रही है। इसके अलावा संभल में हुई खुदाई के मामले पर उन्होंने कहा कि यह सरकार सिर्फ खुदाई करने वाली है।
यह लोग घर बसाने का काम नहीं करते हैं बल्कि उजाड़ने का काम करते हैं। मजाकिया अंदाज में उन्होंने यह भी कहा कि सूरदास ऑपरेशन कर रहे हैं, आंख फूटना तो तय है बच जाए तो अल्लाह की मेहरबानी।
यह भी बता दें कि पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह शनिवार को जिला योजना समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया कर्मियों ने उनसे बातचीत की। मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा।












Click it and Unblock the Notifications