Maghi Purnima 2025: महाकुंभ जाने वाले रास्ते होंगे ट्रैफिक फ्री, UP पुलिस का दावा- किसी भी रूट पर जाम नहीं
Pryagraj Mahakumbh: प्रयागराज महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। हालांकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तत्काल एक्शन के बाद सभी ट्रैफिक रूट पर स्थिति सुधारने में सफलता मिली है। यूपी पुलिस के अनुसार, महाकुंभ की ओर जाने वाले सभी मार्ग फिलहाल सुचारू रूप से चल रहे हैं और पिछले कुछ घंटों से यातायात में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
महाकुंभ मेला क्षेत्र में भारी जाम के कारण स्थिति अत्यधिक तनावपूर्ण हो गई थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर जाम के वीडियो और फोटो वायरल हो गए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की और ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस कदम उठाए।

प्रयागराज में लागू की गई 'नो व्हीकल जोन' व्यवस्था
माघी पूर्णिमा के स्नान पर्व को देखते हुए प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। 11 फरवरी 2025 को सुबह चार बजे से पूरे मेला क्षेत्र को 'नो व्हीकल जोन' घोषित किया गया है। श्रद्धालुओं के निजी और सार्वजनिक वाहनों को सुबह चार बजे के बाद पार्किंग में रखा जाएगा। इसके अलावा, 11 फरवरी की शाम पांच बजे से पूरे प्रयागराज शहर को भी 'नो व्हीकल जोन' घोषित कर दिया गया है। केवल आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी जाएगी।
महाकुंभ के दौरान संगम स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन को 14 फरवरी तक बंद कर दिया गया है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, संगम स्टेशन 9 फरवरी दोपहर 1:30 से 14 फरवरी रात 12:00 बजे तक यात्री आवागमन के लिए बंद रहेगा। हालांकि, प्रयागराज के अन्य 8 रेलवे स्टेशनों - छिवकी, नैनी, प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, प्रयाग, फाफामऊ, रामबाग और झूसी - से नियमित और स्पेशल ट्रेनों का परिचालन जारी रहेगा।
प्रशासन की विशेष यातायात योजना
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था बनाई है, जो 12 फरवरी को स्नान पर्व संपन्न होने तक लागू रहेगी। मेला क्षेत्र में कल्पवास कर रहे श्रद्धालुओं के वाहनों पर भी यह व्यवस्था लागू रहेगी, जिससे वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण पाया जा सके और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
यह भी पढ़ें 'वह केवल आंकड़ों से खेल रही हैं', महुआ, प्रियंका,अखिलेश ने निर्मला सीतारमण के जवाब पर उठाये सवाल












Click it and Unblock the Notifications