Lucknow News: 400 किमी साइकिल यात्रा, 100 से अधिक CCTV का सुराग, प्रेमानंद महाराज से मिलने छात्र की अनोखी जिद
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पारा क्षेत्र का सातवीं कक्षा का छात्र अचानक घर से गायब हो गया। परिवार की बेचैनी उस वक्त चरम पर पहुंच गई जब रात तक भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामला पुलिस तक पहुंचा और फिर पूरी कहानी सामने आई।
दरअसल, छात्र ने पढ़ाई को लेकर मां की डांट से आहत होकर घर छोड़ दिया। उसने रेंजर साइकिल उठाई और करीब 400 किलोमीटर दूर वृंदावन की ओर निकल पड़ा। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले फिर उसी आधार पर उसके पीछे चल दी।

तीन दिन की मशक्कत के बाद छात्र वृंदावन के एक आश्रम में सुरक्षित मिल गया। वह वहां अपने प्रिय संत प्रेमानंद महाराज से मिलने गया था। पुलिस ने उसे बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया। बच्चे के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
मोबाइल सर्च से मिली जानकारी
पुलिस जांच में सामने आया कि छात्र की मां के फोन से लखनऊ से मथुरा की दूरी सर्च की गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने दिशा तय की और आगे के कैमरों में तलाश जारी रखी। अंततः वृंदावन तक की जानकारी जुटा ली गई।
आगरा एक्सप्रेसवे पर काकोरी टोल प्लाजा के कैमरों में छात्र साइकिल से जाते दिखाई दिया। वहां से आगे बढ़ते हुए 70 किलोमीटर दूर बांगरमऊ कट पर उसने ट्रक पकड़ा और फिर आगरा उतरकर अपनी साइकिल से यात्रा जारी रखी।
सीसीटीवी ने खोली परत-दर-परत कहानी
चौकी प्रभारी ने बताया कि छात्र सबसे पहले शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय के पास स्थित अस्पताल के कैमरे में दिखा। इसके बाद कैमरा फुटेज का पीछा करते हुए पुलिस सीसीटीवी के आधार पर उसे देखते हुए बढ़ती चली गई।
करीब 100 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद स्पष्ट हो गया कि बच्चा वृंदावन की ओर बढ़ रहा है। पुलिस ने तुरंत टीम रवाना की और वहां के आश्रम से उसे सकुशल बरामद किया। पकड़े जाने के बाद बच्चे ने पुलिस को पूरी कहानी बताई।
लंबे समय से प्रेमानंद महाराज से मिलना चाहता था
छात्र ने पुलिस को बताया कि वह प्रेमानंद महाराज से मिलने का लंबे समय से इच्छुक था। वह उनके प्रवचन और वीडियो नियमित देखता था और उनसे मिलने की जिद मन में पाल रखी थी। इसी के चलते वह साइकिल से ही निकल गया।
पूछताछ में उसने बताया कि यात्रा के दौरान उसने साइकिल की हैंडिल पर अपनी शर्ट बांध दी और राधा-राधा नाम जपता रहा। उसका कहना था कि थकान भी भक्ति के भाव में गायब हो गई और वह सीधे वृंदावन पहुंच गया।












Click it and Unblock the Notifications