मुरादाबाद, रामपुर और मेरठ के बाद लखनऊ में भी प्रत्याशी बदलेगी सपा? इस नेता को टिकट मिलने की है चर्चा!
Lok Sabha Chunav 2024 UP: यूपी में मुख्य विपक्षी और इंडिया ब्लॉक के सबसे प्रमुख दल समाजवादी पार्टी टिकटों के बंटवारे को लेकर बहुत ही ज्यादा कंफ्यूज्ड लग रही है। अब अटकलें हैं कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव लखनऊ में भी पार्टी का उम्मीदवार बदल सकते हैं। इससे पहले सपा ने रामपुर, मेरठ, मुरादाबाद, बागपत और गौतमबुद्धनगर में प्रत्याशी बदले हैं।
लखनऊ में लव भार्गव को टिकट देने की अटकलें
लखनऊ में भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ अभी रवि मेहरोत्रा उम्मीदवार हैं। लेकिन, अब अटकलें लग रही हैं कि उनका भी पत्ता सपा सुप्रीमो काट सकते हैं। फिलहाल जिसका नाम समाजवादी पार्टी के नए उम्मीदवार के तौर पर रेस में सबसे आगे है, वह लव भार्गव का नाम बताया जा रहा है।

यूपी की 80 में से 63 सीटों पर सपा है मैदान में
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रवि मेहरोत्रा लखनऊ में जिस तरह से प्रचार अभियान चला रहे हैं, वह सपा चीफ को पसंद नहीं आ रहा है। समाजवादी पार्टी यूपी में इंडिया ब्लॉक की अगुवा के तौर पर 80 सीटों में से 63 पर चुनाव लड़ रही है और 17 सीटें कांग्रेस के लिए छोड़ी हैं।
बार-बार प्रत्याशी बदलने से वोटर से पहले वर्कर कंफ्यूज्ड!
लेकिन, जिस तरह अखिलेश यादव ने बार-बार कई सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा के बाद प्रत्याशियों को बदलना शुरू किया है, उससे मतदाताओं से पहले उनके पार्टी कार्यकर्ता ही बुरी तरह से कंफ्यूज्ड हो रहे हैं।
लंबे समय से सपा से जुड़े हैं रवि मेहरोत्रा
सपा ने अभी जिस रविदास मेहरोत्रा को लखनऊ में टिकट दे रखा है, वह सपा सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। उन्हें पार्टी ने पहले से ही लखनऊ लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बना रखा था। वे सबसे पहले 1989 में जनता दल के टिकट पर लखनऊ पूर्वी सीट से ही विधानसभा के एमएलए बने थे और 2012 में अखिलेश सरकार में मंत्री बनने का मौका मिला।
मेरठ में दो बार उम्मीदवार बदल चुके हैं अखिलेश
इससे पहले गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने मेरठ सीट से दूसरी बार प्रत्याशी बदलकर अतुल प्रधान की जगह सुनीता वर्मा को टिकट दे दिया था। यहां बीजेपी ने टीवी सीरियल रामायण में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल को प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले अखिलेश ने यहां से वकील भानु प्रताप सिंह को उतारा था।
रामपुर और मुरादाबाद में भी दो उम्मीदवारों के साथ हो चुका है खेला
रामपुर और मुरादाबाद में सपा उम्मीदवार के तौर पर दो-दो उम्मीदवारों ने नामांकन भर कर कार्यकर्ताओं को कंफ्यूजन में डाला था। रामपुर में असीम रजा और मोहिबुल्ला नकवी ने नामांकन किया था, बाद में रजा का नामांकन रद्द हो गया।
इसी तरह से मुरादाबाद में पहले मौजूदा सपा सांसद एसटी हसन को टिकट दिया गया, लेकिन बाद में उनकी जगह रुची वीरा पर दांव लगाया गया।
बागपत में भी दिख चुका है बदलाव
बागपत में भी पहले मनोज चौधरी को टिकट दिया, लेकिन बाद में अमरपाल शर्मा पर भरोसा दिखाया गया। बदायूं में तो अखिलेश के अपने परिवार में भी कंफ्यूजन दिखा है। पहले धर्मेंद्र यादव का नाम आया। फिर अखिलेश ने अपने चाचा शिवपाल यादव का नाम आगे किया और अब कार्यकर्ताओं के हवाले से शिवपाल के बेटे आदित्य यादव के नाम की अटकलें लगाई जा रही हैं।
गौतमबुद्ध नगर भी रहा जबर्दस्त कंफ्यूजन
नोएडा या गौतमबुद्ध नगर में पहले महेंद्र नागर का नाम दिया गया। फिर उनकी जगह राहुल अवाना के नाम की ट्रायल हुई। लेकिन, फिर से नागर के नाम का टिकट जारी कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications