अनस-तन्वी पासपोर्ट मामला, चश्मदीद कुलदीप सिंह ने कहा- मेरे अपहरण की कोशिश की गई
लखनऊ। अनस-तन्वी पासपोर्ट मामले में चश्मदीद गवाह कुलदीप सिंह के अपहरण की कोशिश की गई है। कुलदीप सिंह ने बताया कि लखनऊ के जानकीपुरम एक्सटेंशन से शनिवार दोपहर स्कार्पियो सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया था। कुलदीप के मुताबिक, 'वे लोग उसे लखीमपुर के रास्ते नेपाल ले जा रहे थे, लेकिन इस दौरान वह अपहर्ताओं को चकमा देकर लखीमपुर की संसारपुर पुलिस चौकी पहुंच गया।

पासपोर्ट मामले में कुलदीप सिंह चश्मदीद गवाह है। इसी मामले में वह शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस करने वाले थे। कुलदीप के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2.15 बजे उसे किडनैप कर लिया गया। लखीमपुर खीरी में मैलानी थानाक्षेत्र में किडनैपर्स से छूट कर वह भाग निकले और पुलिस चौकी पहुंच गए। जानकारी मिलने के बाद लखनऊ पुलिस लखीमपुर खीरी पहुंच गई और कुलदीप सिंह को अपने साथ लखनऊ ले आई है। वहीं, सीओ अलीगंज दीपक कुमार ने बताया कि कुलदीप से पूछताछ की जा रही है और उसके बाद उससे तहरीर ले कर पूरे मामले की जांच की जाएगी।
LIU को सौंपी जांच
उधर हिन्दू-मुस्लिम दंपती मोहम्मद अनस सिद्दीकी और उनकी पत्नी तन्वी सेठ के पासपोर्ट विवाद में अब एक नया मोड़ आ गया है। लखनऊ पुलिस ने तन्वी सेठ के पासपोर्ट की जांच एलआईयू से कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के मुताबिक तन्वी सेठ के नाम और स्थायी पते की जांच होगी। पासपोर्ट विवाद के तूल पकड़ने के बाद भले ही तन्वी सेठ को पासपोर्ट दे दिया गया हो, अगर एलआईयू जांच में गड़बड़ी पाई गई तो तन्वी सेठ का पासपोर्ट भी जब्त हो सकता है।
बंद किया twitter
तन्वी सेठ ने इस पूरे मामले की शिकायत ट्विटर के जरिये विदेश मंत्रालय से की थी। घटना की जानकारी मिलते ही विदेश मंत्रालय ने तुरंत कार्रवाई कर लखनऊ कार्यालय से रिपोर्ट मांगी थी, जिसके बाद विकास मिश्रा का तबादला गोरखपुर करने के साथ आनन-फानन में तन्वी सेठ और अनस सिद्दीकी का पासपोर्ट जारी कर दिया गया था। पासपोर्ट अधिकारी के ऊपर आरोप लगाने के बाद अब तन्वी सेठ ने इस पूरे मामले में लोगों की आलोचना झेल रही हैं। जिसके बाद तन्वी सेठ ने अब अपना ट्वीटर अकाउंट भी बंद कर दिया हैं।












Click it and Unblock the Notifications