कपिल सिब्बल ने दिया कांग्रेस से इस्तीफा, राज्यसभा के लिए किया निर्दलीय नामांकन
लखनऊ, 25 मई: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 11 सीटों पर होने वाले चुनावों के लिए बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। सपा के समर्थन से राज्यसभा चुनाव के लिए निर्दलीय नामांकन दाखिल करने के बाद कपिल सिब्बल ने कहा कि मैंने 16 मई को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
Recommended Video

निर्दलीय के तौर पर भरा नामांकन
कपिल सिब्बल निर्दलीय के तौर पर राज्यसभा के चुनाव का पर्चा भरा है। उनके नामांकन दाखिल करते वक्त सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी सांसद राम गोपाल यादव की मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कहा, "मैंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा के लिए नामांकन भरा है। मैं अखिलेश यादव का आभारी हूं कि उन्होंने मेरा समर्थन किया। मैं आजम खान के प्रति भी आभार प्रकट करता हूं।
'एक निर्दलीय की आवाज उठेगी तो...'
अपने बयान में कपिल सिब्बल ने आगे कहा, "मैं समझता हूं कि जब एक निर्दलीय की आवाज उठेगी तो लोगों को ऐसा लगेगा कि वे किसी पार्टी से नहीं जुड़े हुए हैं। हम विपक्ष में रहकर गठबंधन बनाना चाहते हैं ताकि हम मोदी सरकार का विरोध करें। हम चाहते हैं कि 2024 में ऐसा माहौल बने कि मोदी सरकार की जो खामियां हैं, उसे जनता तक पहुंचाया जा सकें। मैं इसका प्रयास करूंगा।"
कांग्रेस छोड़ने पर कही ये बात
वहीं कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर सिब्बल ने कहा कि जब तक मैं कांग्रेस में था तो मैं इधर-उधर की टिप्पणियां कर सकता था। अब मैं कांग्रेस में नहीं हूं, मैंने इस्तीफा दे दिया है तो मैं कांग्रेस के बारे में कुछ नहीं कहूंगा। किसी के साथ 30-31 साल संबंध रहे हों, उनसे संबंध छोड़ना आसान काम नहीं होता।
अखिलेश यादव ने दिया बयान
वहीं कपिल सिब्बल के नामांकन पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आज कपिल सिब्बल ने राज्यसभा के लिए नामांकन किया है। वो समाजवादी पार्टी के समर्थन से राज्यसभा में जा रहे हैं। पहला नामांकन हुआ है। हमें उम्मीद है कि कपिल सिब्बल देश के बड़े मुद्दों पर अपनी और समाजवादी पार्टी के पक्ष को रख पाएंगे। पार्टी की तरफ से दो और जा सकते हैं, बहुत जल्द उनका भी नामांकन हो जाएगा।
सपा से डिंपल यादव और जावेद अली खान भी प्रत्याशी
दरअसल, कपिल सिब्बल को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब खुद उन्होंने साफ कर किया वो निर्दलीय के तौर पर राज्यसभा जाएंगे। इसके अलावा सपा की तरफ से अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी डिंपल यादव और जावेद अली खान को राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया है। जावेद अली खान सपा से पहले भी राज्यसभा सांसद रह चुके हैं।
11 में से 3 सीटें सपा के खाते में जाना तय
बता दें कि राज्यसभा की 11 सीट के लिए 24 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई थी, जो 31 मई तक जारी रहेगी। यूपी में 11 सीटों पर हो रहे चुनावों में बीजेपी को 8 और समाजवादी पार्टी को 3 सीटें मिलना तय माना जा रहा है। ऐसे में सपा अपने तीन सदस्यों को राज्यसभा भेजने की स्थिति में है। मौजूदा वक्त में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा में 5 सदस्य हैं। जिसमें कुंवर रेवती रमन सिंह, विशंभर प्रसाद निषाद और चौधरी सुखराम सिंह यादव का कार्यकाल जुलाई में खत्म हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications