Kanpur News: भतीजी पर नजर रखने के लिए युवक ने धरा महिला का भेष, लोगों ने पकड़ा और जमकर पीटा
Kanpur News: कानपुर शहर में शुक्रवार सुबह एक अजीब नजारा सामने आया। मसवानपुर क्षेत्र की गलियों में सलवार-सूट और दुपट्टा ओढ़े एक युवक को देखकर लोग हैरान रह गए। उसकी चाल-ढाल से स्थानीय लोगों को शक हुआ और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई।
युवकों ने जब उससे सवाल-जवाब शुरू किए तो उसने चेहरा ढक रखा था। काफी देर तक वह पहचान छिपाने की कोशिश करता रहा, लेकिन दबाव बढ़ा तो दुपट्टा हटा दिया। मूंछों वाले चेहरे को देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और माहौल बिगड़ गया।

भीड़ ने युवक को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। करीब पचास लोग मौके पर जुटे और उसे गलियों में घुमाते रहे। अफरातफरी के बीच किसी ने उसे चोर कहा तो किसी ने धोखेबाज। कुछ ही मिनटों में मामला हंगामे में बदल गया।
सूचना मिलने के बाद तत्काल पहुंची पुलिस
हंगामा बढ़ते देख मौके पर मौजूद किसी शख्स ने फोन करके पुलिस को सूचना दी। मौके पर फोर्स पहुंचा और बड़ी मुश्किल से युवक को भीड़ से निकाला। उसे तुरंत थाने लाया गया ताकि पूरी जांच हो सके। पुलिस को हालात संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
थाने में पूछताछ हुई तो युवक की पहचान नौबस्ता निवासी रवीन्द्र कुमार मौर्या के रूप में सामने आई। पुलिस को पता चला कि उसका भाई मसवानपुर में रहता है और रवीन्द्र उसी इलाके में खास वजह से पहुंचा था।
महिला के वेश में घूमने की वजह
जांच में सामने आया कि रवीन्द्र को शक था कि उसकी भतीजी का कोई युवक पीछा कर रहा है। इसीलिए उसने महिला का भेष धर लिया ताकि वह उस संदिग्ध पर नज़र रख सके। निगरानी का यही तरीका उसने चुना और उल्टा खुद फंस गया।
इसी बीच उसकी भतीजी भी मौके पर आ गई। वह स्कूल से लौट रही थी और भीड़ को किसी व्यक्ति को पीटते देख पास पहुंची। हैरानी की बात यह थी कि जिस पर हमला हो रहा था, वह उसका अपना चाचा था।
लड़की ने जब लोगों से पिटाई रोकने की गुजारिश की तो उसे भी पकड़ लिया गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने यह भी समझा कि लड़की उससे मिली हुई है। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप से दोनों को भीड़ से सुरक्षित निकाला गया।
इसके बाद घायल रवीन्द्र को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मेडिकल जांच पूरी करने के बाद उसे फिर से थाने बुलाकर पूछताछ की गई। वहीं इस मामले में पिटाई करने वाले लोगों पर भी पुलिस द्वारा कार्रवाई की बात कही गई है।












Click it and Unblock the Notifications