जमीन के लिए बहू ने खेला खतरनाक खूनी खेल, पति के 2 भाइयों की पत्नी बनकर रही, बहन का प्रेमी भी पकड़ा गया
यूपी के झांसी के कुम्हरिया गांव में 54 वर्षीय महिला की हत्या ने जब पूरे इलाके को दहला दिया, तब किसी को अंदाजा नहीं था कि इसके पीछे घर की बहू, उसकी बहन और बहू के प्रेमी की खौफनाक साजिश छिपी है। सुशीला हत्याकांड झांसी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है।
झांसी के चर्चित सुशीला देवी हत्या के पीछे मकसद सिर्फ आपसी रंजिश नहीं, बल्कि जमीन और गहनों की लालच भी थी। पुलिस ने मामले में सुशीला की बहू पूजा, उसकी बहन कमला और कमला के प्रेमी अनिल वर्मा को आरोपी बनाया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पूजा और कमला को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि तीसरा आरोपी अनिल, जो घटना के बाद से फरार था, पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद पकड़ा गया है।
जमीन बेचकर ग्वालियर जाना चाहती थी पूजा, सास थी रास्ते में बाधा
झांसी पुलिस के अनुसार, पूजा अपने हिस्से की आठ बीघा जमीन बेचकर ग्वालियर में नई ज़िंदगी शुरू करना चाहती थी। परिवार के नाम कुल 16 बीघा जमीन है, लेकिन सास सुशीला देवी इसके सख्त खिलाफ थीं। पूजा का ससुर अजय और देवर संतोष तो सहमत हो गए थे, लेकिन सुशीला अड़ी रहीं। यही विरोध पूजा को इतना नागवार गुज़रा कि उसने हत्या की योजना बना डाली।
रिश्तों की उलझी हुई परतें: पति की मौत के बाद देवर से संबंध, फिर बच्ची भी हुई
पूजा का पारिवारिक जीवन पहले ही विवादों से भरा था। उसके पति की मौत के बाद वह सुशीला देवी के छोटे बेटे कल्याण सिंह के साथ लिव-इन में रहने लगी। कल्याण की मौत के बाद उसे गांव लाया गया, जहां उसका संबंध देवर संतोष से बन गया। दोनों की एक बेटी भी है। संतोष की पत्नी रागिनी जब इस रिश्ते से परेशान हुई, तो वह नौ महीने पहले मायके चली गई।
हत्या, लूट और फिर भागने की कोशिश
24 जून को जब सुशीला देवी का शव उनके घर में मिला, तब पुलिस को शुरू में यह मामला लूट के दौरान हत्या का लगा। लेकिन जांच में जल्द ही साजिश की परतें खुलने लगीं। पूछताछ में पूजा ने कुबूल किया कि उसने अपनी बहन और अनिल वर्मा के साथ मिलकर यह सब कुछ रचा।
घटना के बाद अनिल वर्मा चोरी के गहने बेचने निकला था, लेकिन पुलिस की घेराबंदी में फंस गया। पकड़ से बचने के लिए उसने गोली चला दी, लेकिन जवाबी कार्रवाई में घायल होकर पकड़ लिया गया।
मुठभेड़ के बाद बरामद हुए जेवर और हथियार
अनिल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से आठ लाख रुपये के गहने, हत्या में इस्तेमाल पिस्टल और बाइक बरामद की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, षड्यंत्र और लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications