अपहरण करने वाले झांसी पुलिस के हत्थे चढ़े, पेशे से डॉक्टर महिला भी गैंग शामिल
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित ग्रामीण बैंक टहरौली के कैशियर मयंक गांधी के अपहरण मामले में स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

मामले की विवेचना कर रहे झांसी पुलिस को शुक्रवार दोपहर सूचना मिली कि मयंक का अपहरण करने वाला गैंग जिले के समथर जंगल में घूम रहा है।
इसके बाद पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान गैंग से हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस के हत्थे पांच लोग चढ़े। इन पांच लोगों में 1 महिला भी शामिल है।
गिरफ्तार महिला है डॉक्टर
महिला का नाम डॉ. प्रिया गुप्ता है। इस गैंग का मुखिया बंशी शर्मा है जो मध्य प्रदेश के मुरैना जिला का कुख्यात अपराधी है।

पुलिस ने अपराधियों से दो पिस्टल, एक कट्टा और एक बंदूक के साथ 10 लाख 52 हजार रुपये नकद बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गैंग के संदीप शर्मा, बंशी शर्मा, आदित्य सोनी, नरेंद्र सिंह और डॉ प्रिया गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस की गिरफ्त में आई प्रिया ने बताया कि इसके बाद उनका निशाना भोपाल का कोई बड़ा डॉक्टर थे। वे उसका भी अपहरण करने वाले थे।
ये था मामला

बता दें कि इसी साल 22 जुलाई 2016 को ग्रामीण बैंक टहरौली के कैशियर मयंक गांधी जब बैंक जा रहे थे, तभी गैंग ने उनका अपहरण कर लिया था।
मयंक को छोड़ने के एवज में उन्होंने परिजनों से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। जिसके बाद 19 अगस्त को गैंग ने मयंक को 35 लाख रुपए की फिरौती लेकर छोड़ दिया था।
गैंग ने बताया कि मयंक का अपहरण करने के बाद उसे मध्य प्रदेश के इंदौर में किराए के मकान में रखा था।












Click it and Unblock the Notifications