यूपी-हरियाणा के कई जिलों में गरज के साथ भारी बारिश की आशंका, IMD ने जारी किया अलर्ट
लखनऊ। उमस और भीषण गर्मी से उत्तर प्रदेश और हरियाणा के लोगों को अगले कुछ घंटों में राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को अलर्ट जारी करते हुए यूपी और हरियाणा के कुछ जिलों हल्की और तेज बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, स्याना, गुलावठी, बुलंदशहर, बल्लभगढ़, गढ़मुक्तेश्वर, मेरठ, खुर्जा, हापुड़, बिजनौर, चांदपुर और मुजफ्फरनगर समेत आसपास के इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है। वहीं, बुलंदशहर में 8:30 बजे हल्की-हल्की बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

दरअसल, मौसम विभाग ने शुक्रवार (31 जुलाई) को नया पूर्वानुमान जारी किया था। पूर्वानुमान के मुताबिक, पूरे प्रदेश में मौसम मिला-जुला रहेगा। पश्चिमी यूपी से पूर्वी यूपी तक कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है। यह सिलसिला 3 अगस्त तक जारी रहेगा। बहुत भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि छिटपुट बारिश से तेज बारिश प्रदेश के कुछ इलाकों में संभव है। वहीं, गुरुवार (30 जुलाई) का दिन बारिश के लिहाज से बेहद सामान्य रहा।
मेरठ और बहराइच को छोड़कर प्रदेश में कहीं भी ज्यादा बारिश दर्ज नहीं की गई। मेरठ में सबसे ज्यादा 29.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि बहराइच में 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 6 मिलीमीटर बारिश रायबरेली और हरदोई में भी दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों बादलों का जमावड़ा यूं ही आसमान में लगा रहेगाय़ कहीं-कहीं बूंदा-बांदी भी हो सकती है। धूप और छांव का सिलसिला चलता रहेगा। बारिश में कमी आने से उन जिलों को बड़ी राहत मिलेगी जहां पहले से ही जलभराव की स्थिति बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications