4.5 KM का ये रास्ता रात में क्यों बन जाता है ‘मौत का जाल’? Oneindia की Ground Report में सामने आई हकीकत
Hit And Run Greater Noida West Ground Report: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति से सैनी चौराहे के बीच 54 दिनों में 3 हिट एंड एन केस सामने आए। करीब 4.5 किलोमीटर लंबा रास्ता... दिन में ट्रैफिक से गुलजार, लेकिन रात होते ही कई हिस्सों में अंधेरा, तेज रफ्तार वाहनों के लिए दौड़ का मैदान बन जाता है। प्रशासन की मूंदी आंखें और सड़कों पर कम निगरानी, हादसों को दावत दे रही हैं। एक मूर्ति चौराहे से रोजा गोलचक्कर, मिलक गोलचक्कर होते हुए सैनी चौराहे तक जाने वाले इस रूट पर सवाल सिर्फ सड़क की हालत का नहीं, बल्कि रात में सड़क सुरक्षा और निगरानी का भी है।
Oneindia Hindi की टीम ने रात में इसी करीब 4.5 किलोमीटर के पूरे रूट का Ground Reality Check किया। एक मूर्ति से सैनी चौराहे तक सड़क पर रोशनी, ट्रैफिक व्यवस्था, CCTV, पुलिस की मौजूदगी और पैदल राहगीरों की सुरक्षा की स्थिति को मौके पर जाकर देखा। आइए जानते हैं कि क्या हकीकत सामने आई...

एक हादसे से शुरू हुई पड़ताल
5 सितंबर 2026 की सुबह करीब 4:35 बजे की घटना के बारे में मौके पर मौजूद लोगों से बात की। चश्मदीद महेश यादव ने वनइंडिया को बताया कि हिमांशु राय (32 साल) ने अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की थी और सड़क के दूसरी तरफ से सामान लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार Tata Punch ने उन्हें टक्कर मार दी।

आगे बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि हिमांशु सड़क से काफी दूर जाकर गिरे। हालांकि, टाटा पंच कार की स्पीड 100 से ऊपर थी। हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल सड़क पार करने को लेकर उठता है। इस हिस्से में रात के समय पैदल राहगीरों के लिए सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने की व्यवस्था कितनी प्रभावी है?
रात 12 बजे Oneindia ने शुरू किया Ground Reality Check
Oneindia Hindi की टीम रात करीब 12 बजे एक मूर्ति चौराहे से सैनी चौराहे की ओर निकली। मुख्य सड़क पर कहीं स्ट्रीट लाइटें जलती मिलीं, तो कहीं सिर्फ खंभे और रोशनी को तलाशते बल्ब। सर्विस लेन और उससे जुड़े हिस्सों में रोशनी लुप्त। वाहन सिर्फ अपनी ही हेड लाइट से सड़क को खोजते रहे। पूरा अंधाकूप। यह इसलिए भी अहम है क्योंकि मुख्य सड़क के साथ बनी सर्विस लेन में भी लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है।
रोजा गोलचक्कर: रोशनी सीमित, आसपास अंधेरा

करीब 4.5 किलोमीटर के इस रूट का अगला प्रमुख पड़ाव रोजा गोलचक्कर है। रात के समय यहां पहुंचने पर गोलचक्कर का बड़ा हिस्सा अंधेरे में नजर आया। मौके पर सीमित रोशनी दिखाई दी और गुजरने वाले वाहन मुख्य रूप से अपनी हेडलाइट के सहारे आगे बढ़ते नजर आए। रात करीब 12:30 बजे सड़क पर तेज स्पीड में वाहनों की आवाजाही जारी थी। अगर, रात में पैदल सड़क पार करने की कोशिश की गई, तो मरना तय है। न कहीं स्पीडो मीटर लगा, न कहीं सीसीटीवी कैमरे नजर आए। पुलिस की पेट्रोलिंग भी नहीं।
मिलक चौराहा: ट्रैफिक लाइट और निगरानी पर सवाल

अब बारी थी मिलक गोलचक्कर की। मौके पर Oneindia की टीम ने देखा कि चौराहे के आसपास रोशनी सीमित थी। ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था भी नजर नहीं आई। मिलक से सैनी चौराहे की ओर जाने वाले हिस्से में भी कई जगहों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट जलती नहीं दिखाई दी। यह वही हिस्सा है, जहां रात में वाहन तेज गति से गुजरते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इस रूट पर वाहनों की स्पीड को कंट्रोल करने के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं?

4.5 KM के रास्ते में 2 चौकी, लेकिन रात होते ही पुलिसकर्मी नदारद?
एक मूर्ति से सैनी चौराहे के बीच में दो पुलिस चौकी बनी है। Oneindia की टीम रात 12 बजे से 2 बजे तक सड़क पर Reality Check करती रही। न तो कोई 4.5 KM के रास्ते में पुलिस कर्मी पेट्रोलिंग करता नजर आया।

न ही दोनों पुलिस चौकी के बाहर कोई पुलिसकर्मी दिखा। हद तो तब हुई, जब एक पुलिस चौकी के दरवाजे पर बेलन लगा दिखा। बाहर भी पुलिस वाहन या पुलिसकर्मियों की मौजूदगी दिखाई नहीं दी।
सैनी चौराहा: 4.5 KM रूट का आखिरी बड़ा पड़ाव

करीब 4.5 किलोमीटर का यह रूट एक मूर्ति, रोजा गोलचक्कर, मिलक गोलचक्कर फिर सैनी चौराहा तक पहुंचता है। सैनी चौराहे पर भी रात में रोशनी और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सवाल नजर आए। यहां से परी चौक की ओर जाने वाला रास्ता भी निकलता है, इसलिए रात में वाहन मौत बनकर सड़क पर दौड़ लगाते हैं। Oneindia की पड़ताल के दौरान कुछ जगहों पर चौराहे की लाइटें बंद नजर आईं। वहीं, ट्रैफिक सिग्नल और स्पीडोमीटर नदारद।
54 दिन में 3 बड़े केस ...
- 5 सितंबर 2026 को सुबह करीब 4.35 बजे: एक मूर्ति चौक के पास 32 साल के हिमांशु राय को तेज रफ्तार Tata Punch ने टक्कर मारी और फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु के पैर, हाथ तथा रीढ़ में फ्रैक्चर हुआ। 11 दिन तक इलाज चला। मामले में आरोपी चालक गिरफ्तार हुआ।
- 22 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे: सैनी चौक पर एक स्कूटी पेप को टक्कर मारकर चालक फरार हो गया। घटना में स्कूटी चालक को गंभीर चोट आई थी। आपको बता दें कि सड़क सुरक्षा समिति की 2025 ब्लैक-स्पॉट सूची में सैनी गोलचक्कर दर्ज है।
- 14 जुलाई 2026: एक मूर्ति से गौर सिटी जा रही महिला को एक तेज रफ्तार वाहन ने टककर मार दी थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कार चालक को दबोच लिया और पुलिस को सौंपा।
सबसे बड़ा सवाल: क्या रात में यह सड़क सुरक्षित है?
Oneindia Hindi की इस Ground Report में सामने आए विजुअल्स कई सवाल खड़े करते हैं...
- 4.5 KM रूट पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग क्यों नहीं है?
- सभी प्रमुख चौराहों पर प्रभावी ट्रैफिक सिग्नल मौजूद क्यों नहीं हैं?
- वाहनों की स्पीड को कंट्रोल करने के लिए स्पीडोमीटर का इंतजाम क्यों नहीं हैं?
- सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए CCTV क्यों नहीं लगाए गए चौराहों पर?
- रात में पर्याप्त पुलिस पेट्रोलिंग क्यों नहीं?
- क्या महिलाओं के लिए भी रात में यह रास्ता सुरक्षित महसूस होता है?


Click it and Unblock the Notifications
