Ghaziabad Triple Death: तीन बच्चियां ही नहीं, लिव-इन पार्टनर भी छत से गिरकर मरी, चौथे रिश्ते पर बड़ा खुलासा
Ghaziabad Three Sisters Death Case: गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की 9वीं मंजिल से मौत के मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे परिवार के भीतर की ऐसी सच्चाइयां सामने आ रही हैं, जो इस दर्दनाक घटना को और भी मुश्किल बना रही हैं।
पुलिस पूछताछ में पिता चेतन का कबूलनामा इस केस का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बन गया है, जिसमें उसने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई ऐसे पहलुओं को स्वीकार किया है, जिनका सीधा असर पारिवारिक माहौल और बच्चियों की मानसिक स्थिति पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं इस चौथे रिश्ते की क्या है सच्चाई?

तीन शादियां और एक लिव-इन रिश्ता
शनिवार को पुलिस द्वारा की गई लंबी पूछताछ में चेतन ने स्वीकार किया कि उसकी तीन शादियां हो चुकी हैं और एक महिला के साथ उसका लिव-इन रिश्ता भी रहा है। इस लिव-इन पार्टनर की मौत उसके ही फ्लैट की छत से गिरने के बाद हुई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह जानकारी जांच के लिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि इससे परिवार के भीतर चल रहे पुराने तनाव और विवादों की तस्वीर सामने आती है।
पारिवारिक सहमति की क्या है कहानी?
चेतन ने पुलिस को बताया कि उसकी पहली पत्नी सुजाता हैं, लेकिन दोनों की कोई संतान नहीं हुई। इसके बाद सुजाता की सहमति से उसने अपनी सगी साली हिना से दूसरी शादी की। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, हिना से चेतन को संतान हुई और परिवार इसी व्यवस्था में आगे बढ़ रहा था।
तीसरे रिश्ते से बढ़ा विवाद, फ्लैट में हुई थी मौत
जांच में सामने आया कि कुछ समय बाद चेतन के सीलमपुर (ससुराल के पड़ोस में) में रहने वाली तब्बू से संबंध बन गए थे। करीब नौ साल पहले वह तब्बू को राजेंद्रनगर स्थित फ्लैट में साथ रहने के लिए लाया। इसके बाद घर में लगातार झगड़े होने लगे। वर्ष 2018 में तब्बू की फ्लैट से गिरकर मौत हो गई थी। चेतन ने पुलिस को बताया कि उस समय वह घर पर मौजूद नहीं था और उस केस में उसे पहले ही क्लीनचिट मिल चुकी है। हालांकि, पुलिस अब उस पुराने मामले के तथ्यों को भी नए सिरे से खंगाल रही है।
पार्टनर की मौत के बाद रिश्तेदार से संबंध, फिर कोर्ट मैरिज
पुलिस पूछताछ में चेतन ने यह भी स्वीकार किया कि तब्बू की मौत के बाद उसके तब्बू की एक रिश्तेदार टीना से संबंध बन गए थे। टीना के गर्भवती होने के बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। इस तरह चेतन तीन पत्नियों के साथ रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, चेतन की तीन शादियों से कुल पांच बच्चे थे, जिनमें से तीन बच्चियों ने हाल ही में एक साथ आत्महत्या कर ली।
2018 की मौत पर नया दावा, जांच में आया नया मोड़
2018 में जिस महिला की गिरकर मौत हुई थी, उस मामले में अब एक नया दावा भी सामने आया है। खुद को चेतन का ससुर बताने वाले सीलमपुर निवासी दिलीप ने पुलिस को बताया है कि गिरकर मरने वाली लड़की उनकी 16 वर्षीय बेटी थी, जो निशिका के जन्मदिन पर चेतन के घर गई थी। दिलीप का कहना है कि उसकी चेतन से शादी नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि दिलीप को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा, ताकि इस दावे की भी जांच की जा सके।
तीन बहनों की मौत और पुलिस का रुख
पुलिस के मुताबिक, निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) ने एक के बाद एक 9वीं मंजिल से कूदकर जान दी। अब तक की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में किसी तरह के फाउल प्ले या जबरदस्ती के संकेत नहीं मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि चोटों का पैटर्न ऊंचाई से गिरने के अनुरूप है और किसी तरह के शारीरिक हमले के सबूत नहीं पाए गए हैं।
हालांकि, परिवार की जटिल पृष्ठभूमि, पुराने रिश्ते और पहले हुई मौतों को देखते हुए पुलिस अब इस केस के हर एंगल को जोड़कर जांच कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि पारिवारिक तनाव और निजी जीवन से जुड़े ये खुलासे ट्रिपल डेथ केस की पूरी तस्वीर समझने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications