फिल्मी साजिश! 200 करोड़ की प्रॉपर्टी पर होने ही वाला था कब्ज़ा, फिर... एक गलती और सारा प्लान चौपट
गाजियाबाद पुलिस ने एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है, जिसने 200 करोड़ की संपत्ति के लिए चौंका देने वाली साजिश रची थी। मेड बनकर एक घर में नौकरी करना, फिर मानसिक रूप से कमजोर युवक से शादी करना, मालकिन की मौत का इंतजार करना और फिर संपत्ति पर कब्ज़ा करना, इस साजिश का हिस्सा था। इस मामले को समझने के लिए सिलसिलेवार तरीके से घटना को समझना जरूरी है।
200 करोड की संपत्ति
दरअसल, यह पूरा मामला गाजियाबाद के मुरादनगर का है। यहां की रहने वाली मृतक सुधा सिंह के गाजियाबाद में दो कॉलेज और एक कॉम्प्लेक्स है। इसमें से एक कॉलेज गाजियाबाद के मसूरी गंग नहर पर लगभग 30 बीघा से ज्यादा जमीन पर बना हुआ है, जबकि दूसरा कॉलेज और कंपलेक्स मोदीनगर कस्बे की राज चोपड़ा जैसी प्राइम लोकेशन के आसपास बना हुआ है। इस संपत्ति की कीमत लगभग 200 करोड रुपए आंकी जा रही है।

बेटा मानसिक रूप से कमजोर
सुधा सिंह का एक बेटा है, जो 50% मानसिक रूप से कमजोर है। सुधा सिंह की एक बेटी भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। वहीं सुधा सिंह को कुछ समय पहले कैंसर हो गया था। उनका इलाज चल रहा था। लेकिन सुधा सिंह कैंसर की लास्ट स्टेज में पहुंच गईं थी। इसी बीच फरवरी 2023 को प्रीति नाम की एक युवती घर में मेड का काम करने के लिए रखी गई।
मालकिन का जीता भरोसा
मेड बनकर घर मे दाखिल हुई शातिर प्रीति ने धीरे-धीरे पूरे परिवार पर अपना भरोसा जमा लिया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर प्रीति ने बीमार सुधा सिंह से कहा कि वह उनके मंदबुद्धि बेटे की शादी के बाद पूरी देखभाल करेगी। लेकिन फिर बात आई-गई हो गई। इसी बीच सुधा सिंह की हालत ज्यादा बिगड़ गई, जिस कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

दिखावे की शादी
उधर, इस मौके का फायदा उठाकर मेड प्रीती ने सुधा सिंह के बेटे शिवम से दिखावे के तौर पर शादी कर ली। इसी दौरान अस्पताल में जाकर शातिर प्रीती ने गले में माला डालकर शिवम के साथ सुधा सिंह से आशीर्वाद लेते हुए एक तस्वीर भी सबूत के तौर पर ले ली। यहां तक सबकुछ शातिर प्रीती के प्लान के मुताबिक ही चल रहा था। लेकिन असली खेल तब शुरू हुआ जब सुधा सिंह की 7 अगस्त 2023 को अस्पताल में मौत हो गई।
प्रॉपर्टी पर कब्जा जमाना शुरू
सुधा सिंह की मौत का इंतजार कर रही प्रीती ने उनकी मौत के तुरंत बाद गैंग की दो और सदस्य महिलाओं को अपने साथ घर में काम के बहाने से प्रवेश करा दिया। इनमे से एक गाजियाबाद के नूरपुर गांव और दूसरी साउथ वेस्ट दिल्ली की रहने वाली है। इनके नाम प्रवेश और नीलम हैं। इसमें नीलम को प्रीति ने वहां पर अपनी मौसी की बेटी बताया। इस तरह धीर-धीरे प्रीति ने घर पर लगभग पूरी तरह कब्जा जमाना शुरू कर दिया।

बेटी ने कर दिया मेड का खेल ख़राब
शातिर प्रीती का खेल तब खराब हुआ, जब सुधा सिंह की शादीशुदा बेटी आकांशा बीच में आ गई। दरअसल प्रीती को यह नहीं पता था कि सुधा सिंह ने अपनी मौत से पहले सारी जायदाद बेटी आकांशा के नाम कर दी थी। वहीं जब आकांशा ने अपनी मां की मौत का हवाला देते हुए प्रीति को घर से चले जाने को कहा तो प्रीति ने मानसिक रूप से कमजोर शिवम से शादी होने का हवाला दिया। जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
पुलिस का नाम सुनकर शातिर मेड रफूचक्कर
चूंकि सारी जायदाद आकांशा के नाम थी तो उसने फौरन पुलिस को बुला लिया। उधर, जैसे ही प्रीति को पुलिस के पास शिकायत दर्ज होने का पता चला तो प्रीति वहां से अपनी दोनों महिला सदस्यों के साथ नौ दो ग्यारह हो गई। पुलिस ने पूरे मामले में छानबीन और फिर गिरफ़्तारी की तो कई चौंका देने वाले खुलासे हुए।

7 शादियां, कई मुक़दमे
पुलिस की जांच में पता चला है कि मेड बन कर घर में दाखिल हुई प्रीति की अब तक 7 शादियाँ हो चुकी हैं। जिसमें से 6 शादी हरियाणा राज्य के अलग-अलग जिलों में और एक शादी गाजियाबाद में हुई थी। पुलिस ने प्रीती के एक ' सचिन' को भी गिरफ्तार किया है। सचिन ने पूछताछ में बताया कि उनका गैंग सुधा सिंह की मौत का इंतजार कर रहा था। उनका इरादा सुधा सिंह की पूरी संपत्ति को हथियाना का था।
तलाश जारी
फिलहाल पुलिस को फरार मेड प्रीती की अभी तक हुई तीन शादियों के डॉक्यूमेंट मिल चुके हैं। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि प्रीति ने जहां भी शादी रचाई, वहां पर ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और रेप आदि की धाराओं में मामले दर्ज कराए हैं। पुलिस ने बताया कि यह गैंग ऐसे करोड़पति घरानों को ढूंढकर निशाना बनाता था, जिनमे मंदबुद्धि या दिव्यांग या अधिक उम्र वाले लड़के होते थे। बहरहाल, आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है और फरार प्रीती समेत अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications