UP: पहले भतीजे का अपहरण... अचानक बुआ की मौत, फिर मिला सपा नेता का शव, दहला देगी ये वारदात
यूपी के प्रतापगढ़ में सपा नेता का अपहरण और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार की रात गायब हुए सपा नेता दीपक यादव का शव मंगलवार को गंगा नदी के पुल के नीचे पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि दीपक का अपने दोस्तों से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद था, जिसके चलते वारदात को अंजाम दिया गया। वहीं अपने भतीजे के सदमे में दीपक की बुआ की भी मौत हो गई।
दोस्तों से पैसों का विवाद
बता दें कि पूरा मामला प्रतापगढ़ नगर कोतवाली के भगेसरा गांव का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यहां के रहने वाले सपा नेता दीपक यादव का जौनपुर जिले के कुछ दोस्तों से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। दीपक के भाई अनुसार दीपक ने अपने दोस्तों को पैसे दिये थे, जो उसके दोस्त वापस नहीं कर रहे थे।

बोलेरो से उठा ले गए दोस्त
उधर, रविवार की रात दीपक के वही 7-8 दोस्त उसे घर से ले गए। जिसके बाद उन्होंने दीपक को लाठी डंडों से पीटा। पीटने के बाद वो लोग उसे पंपिंग सेट के पास से बोलेरो में बिठा कर अपहरण कर के ले गए। जिसके बाद दीपक के भाई ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस दीपक की तलाश में जुट गई, लेकिन दीपक का कुछ पता नहीं चला।

सदमे में बुआ की मौत
इसी बीच दीपक यादव के अपहरण से घबराई उसकी बुआ भागी-भागी नगर कोतवाली में तहरीर देने गईं, लेकिन वापस आते समय उन्हें हार्ट अटैक आ गया और उनकी मौत हो गई। उनका शव तहसील गेट के पास मिला। परिवार में बुआ की मौत से कोहराम मच गया। इधर दीपक का भी कुछ पता नहीं चल रहा था। पुलिस और परिजन अपने स्तर से दीपक को ढूंढ़ने में लगे हुए थे।

परिवार में दो मौतों से कोहराम
दीपक के भाई ने बताया कि "आज हम लोग बुआ का अंतिम संस्कार कर रहे थे कि तभी भाई की लाश मिलने की सूचना मिली।" दीपक का शव सांगीपुर थाना क्षेत्र में गंगा नदी के पुल के नीचे मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्यारों की तलाश में जुट गई।
अपर पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्रा का कहना है कि पैसों के लेनदेन के विवाद में दीपक की पीटकर हत्या की गई है। उसके बाद शव को गंगा नदी में फेंक दिया गया। परिजनों की तहरीर पर 3 नामजद और 6 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। अब तक आरोपी राजेश वर्मा, आशीष, विजय वर्मा और राजू यादव समेत 4 को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हत्यााकांड से जुड़े अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications