अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देता था फेसबुक फ्रेंड, दो बच्चों की मां ने केरोसिन डालकर लगाई आग
सहारनपुर। फेसबुक की दोस्ती में एक विवाहिता को बदनामी के उस कागार पर लाकर खड़ा कर दिया कि हताश होकर दो बच्चों की मां ने खुद पर केरोसिन तेल डालकर आग लगा ली। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पीड़िता के पति की तहरीर पर पुलिस ने व्यापारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

घटना सहारनपुर कोतवाली नगर के नवाबगंज की है। यहां की रहने वाली 24 वर्षीय महिला को झुलसी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के पति ने बताया कि उसकी पत्नी की कुछ माह पूर्व मोहल्ले के ही एक युवक से फेसबुक पर बातचीत शुरू हुई थी। राजन का आरोप है कि पिछले करीब 8-9 माह से आरोपी युवक फेसबुक पर उसकी पत्नी की डाली गई फोटो को अश्लील रूप देकर ब्लैकमेल कर रहा था और करीब 20 हजार रुपए उसकी पत्नी से ऐंठ लिए थे। बताया कि व्यापारी के पास उसकी पत्नी की कुछ आपत्तिजनक फोटो हैं।

3 दिन पहले ही परेशान होकर महिला ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस व्यापारी को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने दोनों में समझौता करा दिया। राजन का आरोप है कि इसके बावजूद अब आरोपी युवक उसकी पत्नी को बदनाम कर रहा था। जिसके चलते पीड़िता ने सोमवार की सुबह केरोसिन डालकर आग लगा ली। घटना के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलने पर नगर कोतवाल राजेश चंद शर्मा ने बर्न वार्ड में पहुंच पीड़िता के बयान दर्ज किए है।












Click it and Unblock the Notifications