UP चुनाव की कमान अपने हाथों में ले चुके हैं मोदी, जानिए ये बातें किस ओर कर रहीं इशारा
लखनऊ, 17 दिसंबर: उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में होने वाला विधानसभा का चुनाव विपक्ष के साथ ही सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी के लिए भी काफी अहम होने जा रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि प्रधानमंत्री मोदी खुद यूपी विधानसभा की कमान अपने हाथों में ले चुके हैं। राजनीतिक विश्लेषकों की माने तो इसके पीछे सबसे बड़ी वजह समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव की सक्रियता है। जिस तरह से अखिलेश यादव ने एक के बाद एक कर अहम फैसले लिए हैं उससे माना जा रहा है कि आने वाला चुनाव काफी रोचक होने वाला है। अखिलेश ने जहां पूर्वांचल में ओम प्रकाश राजभर, अंसारी बंधु और हरिशंकर तिवारी जैसे कद्दावर नेताओं को अपने पाले में ला चुके हैं वहीं दूसरी ओर पश्चिम में आरएलडी के जयंत चौधरी और अपने चाचा शिवपाल यादव की पार्टी के साथ भी गठबंधन का ऐलान कर दिया है। बीजेपी सूत्रों की माने तो पीएम मोदी और बीजेपी यूपी में जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं क्योंकि उन्हें पता है कि यदि 2022 की जीत उनके हाथ से फिसली तो 2024 में केंद्र में सरकार बनाने का रास्ता काफी कठिन हो जाएगा।

अगले दस दिनों में चार बार यूपी आएंगे मोदी
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक बार फिर से जीत सुनिश्चित करने के इरादे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी विधानसभा चुनाव से पहले लगातार उत्तर प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधानसभा चुनाव से पहले कई योजनाओं का शिलान्यास और उदघाटन कार्यक्रमों के बहाने पूरे राज्य में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश को लेकर पीएम मोदी और बीजेपी कितने एक्टिव हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीएम मोदी अब अगले 10 दिनों में यूपी में 4 दौरे करने जा रहे हैं। पीएम मोदी जहां 18 दिसंबर को शाहजहांपुर और 21 दिसंबर को प्रयागराज में होंगे, वहीं 23 दिसंबर को वाराणसी और 28 दिसंबर को कानपुर जाएंगे।

प्रयागराज, शाहजहांपुर, काशी और कानुपर का दौरा करेंगे
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तूफानी दौरा यूपी चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। यही कारण है कि 18 दिसंबर से 28 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में उनके चार और दौरे प्रस्तावित हैं। पीएम मोदी के आने वाले कार्यक्रमों पर नजर डालें तो वह सबसे पहले 18 दिसंबर को शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करेंगे. इसके बाद 21 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज में रैली करेंगे, जहां 2.5 लाख महिलाएं इस रैली में हिस्सा लेंगी। उत्तर प्रदेश सरकार की योजना के तहत आने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

काशी में करेंगे अमूल प्लांट का शुभारंभ
इसके अलावा 23 दिसंबर को वह अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाएंगे, जिसमें अमूल मिल्क प्लांट समेत 1550 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद महीने के अंत में पीएम नरेंद्र मोदी 28 दिसंबर को कानपुर जाएंगे, जहां वह कानपुर मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा कुछ अन्य योजनाएं भी शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सांसदों से चुनाव को लेकर फीडबैक लेते रहते हैं। इसी कार्यक्रम के तहत कल सुबह (शुक्रवार) उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सांसदों के साथ नाश्ते पर चर्चा का कार्यक्रम भी रखा गया है। सभी सांसदों को प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर नाश्ते के लिए बुलाया था।

चुनाव से ठीक पहले पीएम की मैराथन रैलियां
गौरतलब है कि इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 दिसंबर को गोरखपुर का दौरा किया था, जहां उन्होंने एम्स का उद्घाटन किया था। उसके बाद 13 और 14 तारीख को वे अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर गए, जहां उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उद्घाटन किया और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों से चर्चा की थी। आपको बता दें कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पीएम मोदी के इन दौरों को काफी अहम माना जा रहा है।

एक महीने में कई बार यूपी का दौरा कर चुके हैं मोदी
काशी विद्यापीठ में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रह चुके अरविंद कुमार सिंह कहते हैं, ''दरअसल चुनाव से पहले पीएम मोदी पिछले एक महीने से यूपी का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान मोदी यूपी में बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने में जुटे हुए हैं। कुशीनगर में एयरपोर्ट, जेवर में एयरपोर्ट, अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय, सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, बुंदेलखंड एकसप्रेस वे, वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का शिलान्यास कर बड़ा सियासी संदेश दे चुके हैं। उनके इन दौरों से एक बात तो साफ है कि यूपी के चुनाव की कमान अब मोदी ने पूरी तरह से अपने हाथों में ले ली है। आने वाले दिनों में उनके कई और बड़े कार्यक्रम होने हैं जिनसे बीजेपी को राजनीतिक फायदा होने की संभावना है।''












Click it and Unblock the Notifications