UP: 'महिला सशक्तिकरण की दिशा में देश आगे बढ़ चुका है', अब्दुल बारी सिद्दीकी पर बरसे केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज यानी शनिवार को रामपुर पहुंचे। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक पर राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी के कथित बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राजद नेता जिस तरह से बयान दिया है, मैं उन्हें उन शब्दों में जवाब नहीं दे सकता। लेकिन यह देश महिला सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ चुका है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महिलाएं हमारे देश की सीमाओं की रक्षा कर रही हैं। वे चिकित्सा सेवाओं, व्यापार और विज्ञान में योगदान दे रही हैं। यदि वे संसद और राज्य विधानसभाओं में सांसद और विधायक के रूप में बैठेंगी, तो हमारा देश और अधिक तेजी से प्रगति करेगा।

बीजेपी सांसद ने साधा निशाना
बता दें कि महिला आरक्षण बिल पर विवादित बयान देकर अब्दुल बारी सिद्दीकी विवादों में घिर गए हैं। इससे पहले बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने उनपर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने भारत की महिलाओं, बहनों और बेटियों के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है वह शर्मनाक, अपमानजनक और निंदनीय है।
वोट देने वाली हर महिला का अधिकार है- प्रियंका चतुर्वेदी
वहीं, दूसरी तरफ प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि वोट देने वाली हर महिला का अधिकार है, और अगर उनके पास संसद में भाग लेने की दृष्टि है, तो यह उनका अधिकार है। यह अधिकार उनसे कई सालों से वंचित रखा गया था, और महिला आरक्षण बिल ने इसे प्रदान किया है।
क्या था अब्दुल बारी सिद्धकी का बयान
बिहार के मुजफ्फरपुर में जागरूकता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने महिला आरक्षण बिल पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण में अति पिछड़ा, पिछड़ा, दूसरा का भी कोटा तय कर दीजिए तब तो ठीक है, वरना महिला के नाम पर पाउडर, लिपस्टिक और बॉब कट वाली औरत संसद और विधानसभा चली आएगी।
यह भी पढ़ें- महिलाओं पर RJD नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी के बयान पर चढ़ा सियासी पारा, BJP ने कहा- शर्मनाक और निंदनीय












Click it and Unblock the Notifications