बारात से लौट रही बोलेरो की ट्रक से टक्कर, 3 की मौत
सुल्तानपुर-रायबरेली हाईवे पर बारातियों को लेकर लौट रही एक बोलेरो और ट्रक के बीच टक्कर हो गई जिसमें तीन लोगों की जान चली गई।
सुल्तानपुर। यूपी के सुल्तानपुर में सुल्तानपुर-रायबरेली हाइवे पर स्थित धम्मौर थाना क्षेत्र में ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने की भिड़ंत में एक अधेड़ की तो मौके पर ही जान चली गई जबकि बोलेरो ड्राइवर समेत एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। वहीं हादसे में 4 अन्य बुरी तरह घायल हैं जिनमें से कुछ का इलाज जिला अस्पताल तो कुछ का ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में जारी है। बताया जा रहा है कि उक्त सभी बारात से लौट रहे थे।

इस तरह हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शनिवार कोतवाली देहात थाने के महानपुर से एक बारात अमेठी गई थी। जब बारात लौटी तो धम्मौर थाना इलाके में सामने से आ रही ट्रक ने बारातियों से भरी बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे बोलेरो के परखच्चे उड़ गए जिसमें कोतवाली देहात थाने के महानपुर निवासी 45 साल के मुतीन खान को गम्भीर चोटें आई और उन्होंने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया।

इसके अलावा बोलेरो पर सवार आदिल खान 16, गुफरान खान 20, साकिर 65, महफूज खान 18 निवासी महानपुर एवं राहुल 17 निवासी मिस्रपुर बुरी तरह जख्मी हो गए। साथ ही साथ चालक श्रीराम 35 निवासी तियरी गोसाईंगंज गम्भीर रूप से घायल हुए। इन सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत नाजुक होते देख डाक्टरों ने महफूज़ व चालक श्रीराम को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
एक दिन पहले से मुम्बई से शादी को आया था महफूज़
उधर इस हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशी के बजाय कोहराम बरपा है। बताया जा रहा है कि मृतक मुतीन खान को रविवार को जियारत के लिए अजमेर जाना था जबकि एक अन्य मृतक महफूज़ अभी एक दिन पहले ही मुम्बई से शादी करने के लिए घर पर आया था।












Click it and Unblock the Notifications