19 अप्रैल को पीलीभीत एकतरफा दिखना चाहिए: सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा पीलीभीत हमारे लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एक ओर यहां पर अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से तराई के इस क्षेत्र में यहां की ऊर्वरा भूमि में सोना उगलने का कार्य करने वाले हमारे अन्नदाता और दूसरी तरफ यहां की बांसुरी की मधुर धुन के साथ कृष्ण कन्हैया का स्मरण कराने वाले हस्तशिल्पी हैं।
एक तरफ यहां टाइगर की हुंकार होती है तो दूसरी तरफ बांसुरी की मधुर तान भी सुनने को मिलती है। जब पीलीभीत की बात आती है तो हम कहते हैं कि यहां के किसान, युवा के लिए जो कुछ भी हो पाएगा सरकार करेगी, इसमे कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर्यटकों के लिए इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए सरकार काम कर रही है। इस बात को भी सुनिश्चित किया गया कि वन्यजीव और मानव को संघर्ष को रोकने के लिए जिन किसानों की जमीन जंगल के बीच पड़ रही है वहां पर इलेक्ट्रिक फेंसिंग की कार्रवाई करते हुए जंगली जानवरों से बचाने की व्यवस्था करेंगे। अगर जनहानि होती है तो इसे आपदा की श्रेणी में लेकर उन किसानों के लिए मुआवजे का भी प्रावधान करेंगे। हमारी सरकार इसे लागू कर चुकी है।
योगी आदित्यनाथ ने प्रबुद्धजनों से कहा कि मैं आपसे अपील करूंगा आप समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। आपसे मैं अपील करता हूं कि चुनाव की जिम्मेदारी को अपने हाथ में लेकर जितिन प्रसाद को लोकसभा भेजना है। यह जिम्मेदारी आपको निभानी है। चुनाव के बाद पांच साल तक आप इन लोगों को दौड़ा सकते हैं। लोगों के बीच जाति के आधार पर नहीं, मत-मजबह के आधार पर नहीं बल्कि राष्ट्रवाद और विकास के आधार पर राय बनाइए। मुझे विश्वास है कि 19 अप्रैल को जब मतदान होगा तो पीलीभीत एकतरफा दिखना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications