'शिव के नाम में ही कल्याण की भावना है', चंद्रयान-3 की लैंडिंग साइट को 'शिव शक्ति' नाम दिए जाने पर सीएम योगी
UP CM Yogi Adityanath: 'जिस स्थान पर चंद्रयान-3 का मून लैंडर उतरा है उस स्थान को 'शिवशक्ति' के नाम से जाना जाएगा'... ये शब्द शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में कहे। पीएम मोदी द्वारा चंद्रयान-3 की लैंडिंग साइट का नाम शिवशक्ति रखने के फैसले का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने ऑफिशियल एक्स पर लिखा, 'चंद्रमा को अपने मस्तक पर धारण करने वाले शिव के नाम में ही कल्याण की भावना अंतर्निहित है। जिस स्थान पर चंद्रयान-3 का मून लैंडर उतरा है, उस point का पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा 'शिवशक्ति' नामकरण 'विश्व कल्याण' के प्रति नए भारत के संकल्प को प्रकट करता है।'

सीएम योगी ने कहा कि चंद्रमा के जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने अपने पदचिह्न छोड़े हैं, उस प्वाइंट का 'तिरंगा' नामकरण कर पीएम नरेंद्र मोदी ने विफलता से कभी भी न हारने का संदेश देश वासियों को दिया है। दृढ़ इच्छाशक्ति, जिजीविषा एवं सतत प्रयत्न का प्रतीक यह 'तिरंगा' प्वाइंट भारत के हर प्रयास की प्रेरणा बनेगा।
कहा कि चंद्रमा पर 'तिरंगा फहराने' की अभूतपूर्व उपलब्धि की प्रेरणादायी स्मृति को देश वासियों के मन में सदैव जीवंत रखने हेतु अब हर वर्ष 23 अगस्त को National Space Day के रूप में मनाया जाएगा। पीएम मोदी द्वारा लिए गए इस निर्णय से देश में अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति एक रचनात्मक व प्रेरक वातावरण निर्मित होगा।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दक्षिण अफ्रीका और ग्रीस की यात्रा के बाद बेंगलुरु पहुंचे। यहां पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन में शामिल ISRO प्रमुख एस सोमनाथ और टीम के अन्य वैज्ञानिकों को चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए बधाई दी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए कहा, 'जिस स्थान पर चंद्रयान-3 का मून लैंडर उतरा, उस स्थान को 'शिवशक्ति' के नाम से जाना जाएगा।' पीएम मोदी ने बोलते हुए कहा कि मैं अपने आप को रोक नहीं पा रहा था क्योंकि मैं विदेश में था। मैंने तय किया कि भारत जाऊंगा तो सबसे पहले बेंगलुरु जाऊंगा।
सबसे पहले उन वैज्ञानिकों को नमन करुंगा... यह समय उद्बोधन का नहीं है। मेरा मन उन वैज्ञानिकों के पास पहुंचने के लिए उत्सुक है। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने घोषणा की, जिस स्थान पर चंद्रयान-3 का मून लैंडर उतरा, उस स्थान को 'शिवशक्ति' के नाम से जाना जाएगा।
पीएम मोदी ने मंच से बोलते हुए कहा कि 23 अगस्त को जब भारत ने चंद्रमा पर तिरंगा फहराया, उस दिन को अब 'राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। इतना ही नहीं, पीएम ने कहा कि चंद्रमा के जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने अपने पदचिन्ह छोड़े हैं, वह प्वाइंट अब 'तिरंगा' कहलाएगा।
ये तिरंगा प्वाइंट भारत के हर प्रयास की प्रेरणा बनेगा, ये तिरंगा प्वाइंट हमें सीख देगा कि कोई भी विफलता आखिरी नहीं होती। कहा कि चंद्रयान 3 में महिला वैज्ञानिकों ने अहम भूमिका निभाई है ..यह 'शिवशक्ति' प्वाइंट आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा कि हमें विज्ञान का उपयोग मानवता के कल्याण के लिए ही करना है।












Click it and Unblock the Notifications