15 मिनट की बातचीत में चाचा शिवपाल से क्या बोले CM अखिलेश यादव?
लखनऊ। यूपी सरकार और समाजवादी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देकर शिवपाल यादव ने प्रदेश की राजनीति में नया भूचाल ला दिया है। शिवपाल ने इस्तीफे से पहले अपने बड़े भाई और पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की थी। यही नहीं, वह मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भी मिले थे।

सीएम अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के बीच करीब 15 मिनट की बातचीत हुई। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे से गिले-शिकवे जाहिर किए। सूत्रों का कहना है कि अखिलेश यादव ने शिवपाल से मुलाकात के दौरान उन्हें मनाने की कोशिश की और कहा, 'आप चाचा हैं, आप सब ले लीजिए। बस पार्टी को एकजुट रखिए।'
हालांकि इस मुलाकात के दौरा हुई बातचीत के बारे में आधिकारिक तौर पर किसी ने कोई बयान नहीं दिया है। मुलाकात के कुछ देर बाद ही शिवपाल ने मुख्यमंत्री के पास अपना इस्तीफा भेज दिया था। जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया।
शिवपाल बोले- सीएम को सरकार लाने दो
अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद शिवपाल ने कहा, 'मुख्यमंत्री को सरकार चलाने दिया जाए। मैं अब सत्ता के मोह में नहीं हूं।' उन्होंने कहा कि अब तक जो हुआ सब ठीक है, आगे वह नेताजी (मुलायम सिंह) को ज्यादा दुख नहीं सुनाना चाहते।
पार्टी छोड़ने की भी चर्चा तेज
शिवपाल यादव के परिवार समेत समाजवादी पार्टी और यूपी सरकार के सभी पदों से इस्तीफा देने के बाद अब इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि क्या वह पार्टी को अलविदा कहने वाले हैं? अगर ऐसा होता है तो सपा के लिए संकट और बढ़ने वाला है।
समर्थकों को मनाने बाहर आए
शिवपाल के इस्तीफे के खबर सुनते ही उनके आवास के बाहर देररात समर्थक जमा होने लगे। समर्थकों ने नारेबाजी भी की। काफी भीड़ जमा हुई तो शिवपाल खुद बाहर आए और समर्थकों से घर जाने को कहा। उन्होंने सभी से अपील की कि वे घर जाएं और सुबह इस बारे में बात होगी।












Click it and Unblock the Notifications