वेंडर से 20 रुपये घूस ले रहे आरपीएफ सिपाही का वीडियो बनाया तो पत्रकार का किया ये हाल
चंदौली। बीस रुपये घूस लेने के आरोप में निलंबित आरपीएफ सिपाही ने अपने साथियों के साथ स्टेशन परिसर में खड़े एक न्यूज एजेंसी पत्रकार को बुधवार की शाम पांच बजे मारपीट कर घायल कर दिया। मारते-पीटते आरपीएफ थाने भी लेकर पहुंचा। अन्य पत्रकारों के पहुंचने पर आरपीएफ सिपाही वहां से भाग गए। हालांकि पीड़ित पत्रकार की तहरीर पर जीआरपी पुलिस पत्रकार का मेडिकल कराकर आरोपी सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर कार्रवाई में जुटी है। आरपीएफ कमांडेंट रमेशचंद्र जांच कराए जाने की बात की है।

वेंडर से रुपये लेने का बनाया था वीडियो
मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह दस बजे आरपीएफ वेस्टपोस्ट पर तैनात सिपाही कपिल कुमार एक वेंडर से बीस रुपये ले रहा था। इस दौरान न्यूज एजेंसी से जुड़े अनिल सिंह ने वीडीओ बना लिया था।
इसको संज्ञान में लेकर आरपीएफ कमानडेंट रमेशचंद्र ने तत्काल प्रभाव से मंगलवार की शाम सिपाही को निलंबित की जांच बैठा दिया।
सिपाहियों पर मुकदमा दर्ज हुआ
आक्रोशित सिपाही ने बुधवार की शाम आधा दर्जन साथी सिपाहियों के साथ स्टेशन परिसर में खड़े पत्रकार को मारपीट कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं मारते-पीटते आरपीएफ थाने लेकर पहुंचा। जीआरपी कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि पीड़ित पत्रकार की तहरीर पर आरोपी आरपीएफ सिपाहियों पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जा रही है। उधर आरपीएफ कमानडेंट रमेशचंद्र ने बताया कि पत्रकार से मारपीट करने वाले सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications