Budget 2025: बजट से है किसानों को बहुत उम्मीदें, सरकार से कर डाली यह मांग
Budget 2025 Expectations Kisan Latest News Gorakhpur: देश का केंद्रीय बजट 1 फरवरी को संसद में पेश होना है। समाज के हर वर्ग को इस बजट से उम्मीदें हैं। खासकर किसानों को इससे बहुत उम्मीदें हैं। वन इंडिया हिंदी रिपोर्टर पुनीत श्रीवास्तव ने गोरखपुर के पिपराइच विधानसभा के बड़ी जमुनाहिया, हसनगंज के किसानों से बजट पर चर्चा की। किसानों ने कुछ ऐसी प्रतिक्रिया दी -
किसान जगदम्बा प्रसाद मिश्रा ने कहा कि इस बार आने वाले बजट से हमे बहुत उम्मीदें हैं। किसानों को दी जाने वाली किसान सम्मान निधि बढ़ाई जानी चाहिए। अगर नहीं बढ़ाते हैं तो इसकी जगह पर किसानों को खाद और बीज उपलब्ध कराया जाय। इसके साथ ही सरकार ग्रामीण स्तर पर एक कमेटी बनाए जो इस बात का निरीक्षण करें कि किसान ने सही में खेती की है यह नहीं। इसके साथ ही सरकार और किसानों के बीच बिचौलियों को पूरी तरह से हटाने की व्यवस्था बने।खाद के दाम अगर थोड़े कम हो जाए तो अच्छा रहेगा। किसानों को सरकार जो लोन देती है उस पर ब्याज और कम करने की जरूरत है।
किसान लालधारी निषाद कहते हैं कि बजट पेश होना हम किसानों के लिए भी खुशी की बात है। लेकिन सरकार से अपील करूंगा कि खाद के दाम में थोड़ी कमी करे। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर हो रही खाद की कालाबाजारी हर हाल में बंद होनी चाहिए। किसानों के लिए कृषि लोन योजना अच्छी है।

राजकुमार सिंह कहते हैं कि सरकार बजट ला रही है हम सभी के लिए ठीक है। लेकिन प्रशासन को इस बात का ध्यान रखना होगा कि जो पात्र किसान हैं उन्हें समय से राशि मिले। खाद के दाम और कम होने चाहिए। किसान लोन अच्छी योजना है।
किसान सताउर कहते हैं कि बजट में सरकार को किसानों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। खाद के दाम ठीक भी हैं और नहीं भी। जिसकी कम खेती है उसके लिए ठीक है, जिसकी ज्यादा खेती है उसके लिए ठीक नहीं है। कृषि लोन ठीक है।
किसान मुन्नीलाल कहते हैं कि बजट में सरकार को खाद बीज का दाम कम करना चाहिए। कृषि लोन तो ठीक है लेकिन जब लोन समय से नहीं जमा हो पाता है परेशानी होती है।
किसान शंभू कहते हैं कि खाद बीज के दाम कम होने चाहिए। कृषि लोन योजना अच्छी है।
किसान बजरंगी साहनी कहते हैं कि सरकार को किसान हित में अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है। पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बहुत कम है। इसकी जगह सरकार को खाद बीज के दाम और कम होने चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications