लखनऊ की रैली में अखिलेश पर हमलावर हुई मायावती, फिर कहा 'बबुआ'
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें बबुआ कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हाथी की बात करके बीएसपी का मुफ्त में प्रचार कर रहे हैं।
लखनऊ। डॉ. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस के अवसर बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने लखनऊ में रैली की। इस दौरान उन्होंने यूपी के सीएम अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।

मायावती ने की लखनऊ में रैली
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें बबुआ कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मूर्तियों पर सवाल उठाकर महापुरुषों का अपमान कर रहे हैं।
मायावती ने हाथी को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर जवाब देते हुए कहा कि उन्हें हाथी सपनों में परेशान करते होंगे। अखिलेश यादव हाथी की बात करके बीएसपी का मुफ्त में प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दलित नेताओं पर गलत बयान दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश जिस तरह की बातें करते हैं ऐसी बातें एक बबुआ ही कर सकता है। मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार आते ही 6 दिसंबर यानी बीआर आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस की छुट्टी कभी रद्द कर देती है तो कभी लागू कर देती है।
'सैफई महोत्सव में गरीबों का पैसा बेदर्दी से खर्च करती है सपा सरकार'
लखनऊ में रैली के दौरान मायावती ने कहा कि मेरी सरकार ने जो डॉ. बीआर आंबेडकर के स्मारक लगाए हैं उन्हें देखने के लिए हजारों लोग आते हैं।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार सैफई महोत्सव के लिए गरीबों का पैसा बेदर्दी से खर्च करती है। उससे तो कोई आय भी नहीं होती है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ-साथ बीजेपी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
मायावती ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने हमारे संविधान का प्रारूप धार्मिक समानता के आधार पर बनाया था। बीजेपी और RSS यह स्वीकार नहीं करते हैं। वो हिंदुत्व को थोपना चाहते हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के बाद काफी समय तक कांग्रेस सत्ता में रही लेकिन कांग्रेस के शासन काल में अधिकारों का पूरा लाभ नहीं मिला।












Click it and Unblock the Notifications