सब्जी की कढ़ाई में गिरा 6 साल का बच्चा बुरी तरह झुलसा, विद्यालय ने नहीं दी परिजनों को सूचना
बहराइच। प्राथमिक विद्यालय अर्जुनापुर हुसैनपुर का एक छात्र सोमवार दोपहर सब्जी से भरी कढ़ाई में गिरकर झुलस गया। बच्चे को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों का आरोप है कि बच्चे के इलाज को लेकर शिक्षकों ने उदासीन रवैया अपनाया है। पीड़ित बच्चे के चाचा ने इलाज कराने के बाद देहात कोतवाली में शिकायत करने की बात कही है।

मिली जानकारी के अनुसार देहात कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हेमरैया कुट्टी गांव निवासी सुरेश कुमार निषाद का बेटा शिवम (6) पड़ोस के अर्जुना हुसैनपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र है। सोमवार को वह स्कूल गया था, जहां दोपहर में भोजनावकाश के दौरान खाने का वितरण हो रहा था। तभी शिवम गर्म सब्जी से भरी कढ़ाई में गिर पड़ा। जिससे शिवम झुलस गया। शिवम को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन चाचा राजेश का आरोप है कि झुलसने के बाद शिवम खुद पैदल चलकर घर आया है। स्कूल वालों की लापरवाही के कारण बच्चा झुलसा है। स्कूल के शिक्षकों की तरफ से सूचना भी नहीं दी गई। राजेश का कहना है कि इलाज कराने के बाद स्कूल स्टाफ के खिलाफ देहात कोतवाली में तहरीर देंगे। जब इस संबध में बेसिक शिक्षा अधिकारी के सीयूजी नम्बर पर बात की गई तो बताया गया कि बीएसए छुटटी पर है। अभी ऐसा कोई मामला संज्ञान मे नही आया है। मामले की जानकारी मिलते ही जांच कर विभागीय जांच की जाएगी। वहीं देहात कोतवाल मधुप नरायण मिश्र ने भी बताया कि ऐसी कोई तहरीर थाने पर नही आई है। तहरीर आएगी को विधिक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications