कानपुर: मधु पान मसाला फैक्ट्री के बॉयलर में विस्फोट, अंदर थे मजदूर
कानपुर। गुरुवार को मधु पान मसाला फैक्ट्री में बॉयलर फटने से पूरी फैक्ट्री तबाह हो गई। 13 फीट की दीवार ढह गई और छत तक उड़ गई। इस हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका उपचार एक प्राइवेट हास्पिटल में चल रहा है। घटना के वक्त एक दर्जन मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। इसी फैक्ट्री में डेढ़ साल पहले एक मजदूर की लिफ्ट में दबकर मौत हो गई थी। इस घटना में जमकर हंगामा हुआ था। बॉयलर फटने के बाद फैक्ट्री में आग लग गई। दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था।

बाबुपुरवा थाना क्षेत्र ट्रांसपोर्ट नगर में माँ बिंद वाश्नियत तम्बाकू नाम की फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री में मधु पान मसाला बनता है। गुरुवार को फैक्ट्री में एक दर्जन कर्मचारी काम कर रहे थे ,फैक्ट्री के फर्स्ट फ्लोर में बॉयलर लगा हुआ था और कुछ मजदूर फर्स्ट फ्लोर में काम कर रहे थे और कुछ मजदूर नीचे काम कर रहे थे। फक्ट्री के अंदर जोरदार धमाका हुआ और चारो तरफ हड़कंप मच गया। इस धमाके में 13 फीट ऊंची दीवार ढह गई और छत उड़ गई। फैक्ट्री में आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।

इस फैक्ट्री के मालिक चीकू लाल साहू है और सिविल लाइन में रहते हैं। इस फैक्ट्री में बीते 28 मई 2016 की सुबह नौबस्ता के बक्तौरी पुरवा में रहने वाले पुत्तन दुबे (39) की लिफ्ट में दब कर मौत हो गई थी। पुत्तन के परिवार में पत्नी रीमा थी, बेटी आंचल (11), काजल (06), बेटा सागर (03) के साथ रहते थे। मृतक के परिजनों को फैक्ट्री की तरफ से 6 लाख रुपये देकर समझौता कराया गया था। उस वक्त यह बात सामने आई थी कि यह लिफ्ट बीते एक हफ्ते से खराब थी। मजदूरों ने इसकी शिकायत फैक्ट्री मालिक से की थी लेकिन फैक्ट्री मालिक द्वारा इसकी मरम्मत नही कराई गई थी।
एसपी साउथ अशोक कुमार वर्मा के मुताबिक, फैक्ट्री में घटना घटी है जिसमें महेश सिंह और सत्य प्रकाश घायल हुए हैं जिनका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना की जांच की जा रही है इसमें दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications