UP Election 2022: BJP पूरे सूबे में निकालेगी 6 यात्राएं, जानिए क्या है पूरा प्लान
लखनऊ, 30 नवबंर: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी ने अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। एक तरफ जहां विपक्षी दल सत्ताधारी पार्टी पर आरोप पर आरोप लगा रही है, तो दूसरी तरफ खुद सत्तारूढ़ बीजेपी ने सूबे की जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को बताने का फैसला किया है। यूपी बीजेपी अध्यक्ष के मुताबिक प्रदेश में छह यात्राएं निकालने का फैसला किया है।

यूपी बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा 'भारतीय जनता पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश स्तर पर 6 यात्राएं लेकर यूपी की जनता के बीच जाएगी। इसी साथ उन्होंने आगे दावा करते हुए लिखा कि 'कार्यकर्ताओं के दम पर और जनता के आशीर्वाद से भाजपा 300+ सीटों के साथ एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है!' चुनावों के पहले निकाली जाने वाली 6 यात्राओं का फैसला बीजेपी मुख्यालय में कार्ययोजना बैठक में लिया गया है।
हालांकि पार्टी ने आधिकारिक तौर पर 'यात्राओं' के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन पहले बताया जा चुका है कि उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी की तरफ से 'विजय संकल्प यात्रा' की योजना बनाई जा रही थी। कुल 6 यात्राएं होंगी, जो जल्द ही शुरू होने की संभावना है और राज्य की कुल 403 विधानसभा सीटों में से प्रत्येक को कवर करेगी। इस तरह की यात्राएं विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रचार का एक पारंपरिक तरीका रहा हैं।
इधर,सूत्रों का कहना है कि यात्रा 13 दिसंबर के बाद शुरू होने की संभावना है और ये यात्राएं 12-13 दिनों की होंगी। पार्टी के प्रमुख नेता पहले दिन यात्रा को हरी झंडी दिखा सकते हैं और फिर स्थानीय सांसद और विधायक रोजाना के आधार पर इसका नेतृत्व करेंगे।
वहीं दिसंबर के अंत से पहले एक बड़ी रैली के साथ यात्रा का लखनऊ में समापन होने की संभावना है। यूपी में प्रधानमंत्री मोदी के बड़े चुनावी अभियान के ठीक बाद यात्राएं की जाएगी। अगले हफ्ते पीएम मोदी के दो बार उत्तर प्रदेश में होने की संभावना है पहला गोरखपुर में जहां मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र में एक उर्वरक कारखाने का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद अपनी लोकसभा सीट वाराणसी में करोड़ों रुपये की काशी विश्वनाथ कॉरिडोर परियोजना का उद्घाटन करने आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications