UP Nagar Nigam चुनाव की तैयारी में जुटी BJP, इन मंत्रियों को पकड़ाया गया टास्क
लखनऊ, 03 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव (Vidhansabha Election) और उसके बाद रामपुर और आजमगढ़ में हुए दो लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) ने शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद अब सत्तारूढ़ भाजपा ने विपक्षी दलों से आगे रहकर शहरी नगर निगम चुनाव (Nagar Nigam ) की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा ने 17 नगर निगमों में से प्रत्येक के लिए शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के संयोजक और चुनाव प्रभारी नियुक्त किए हैं। इसमें ज्यादातर योगी सरकार के मंत्रियों को ही नगर निगमों का टास्क पकड़ाया गया है और परिणाम आने के बाद उनकी जवाबदेही भी तय की जाएगी।

बीजेपी ने 17 सीटों के लिए बनाए प्रभारी
भाजपा ने शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पार्टी के मंत्रियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों का मसौदा तैयार किया है। महापौर की 17 सीटों के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त करते हुए भाजपा ने सरकार और संगठन के बीच एक अच्छा संतुलन बनाए रखने का ध्यान रखा है। प्रत्येक मेयर सीट के लिए, कैबिनेट मंत्री के साथ, पार्टी संगठन के एक वरिष्ठ नेता को चुनाव के लिए सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कई दिनों की कवायद के बाद इन चुनावों के लिए प्रभारियों की सूची को मंजूरी दे दी है।

2024 में 75 प्लस सीटों की जीत का टारगेट
सत्तारूढ़ दल ने नगर निगमों की सभी 17 मेयर सीटों पर जीत का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। भाजपा पहले ही 2024 में उत्तर प्रदेश की सभी 75 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने के एक और महत्वाकांक्षी लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। बीजेपी ने मेयर की सभी 17 सीटों पर जीत की रणनीति तैयार की है। हालांकि शहरी चुनाव राज्य सरकार की स्थिरता पर कोई प्रभाव नहीं डालते हैं, ये चुनाव एक ऐसा माहौल बनाते हैं और मौजूदा सरकार की लोकप्रियता के बारे में स्पष्ट संकेत देते हैं।

यूपी में बीजेपी ने तीन भागों में बांटकर बनाए प्रभारी
भाजपा ने संगठनात्मक उद्देश्य के लिए शहरी क्षेत्रों को तीन क्षेत्रों - पश्चिमी यूपी, अवध और गोरखपुर में विभाजित किया है। पश्चिमी यूपी क्षेत्र में मेयर की सीटें गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, मथुरा-वृंदावन, आगरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, शाहजहांपुर, बरेली, कानपुर और झांसी हैं। अवध क्षेत्र की सीटें लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी और गोरखपुर हैं। इसी रणनीति के तहत बीजेपी ने अब अपनी तैयारियों को अमली जामा पहनाने की कवायद शुरू कर दी है।

मंत्री और पूर्व मंत्रियों को भी पकड़ाया गया टास्क
पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह गाजियाबाद नगर निगम के चुनाव प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा मेरठ की जिम्मेदारी भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह, सहारनपुर की जिम्मेदारी राज्य मंत्री असीम अरुण और मुरादाबाद की जिम्मेदारी विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, मथुरा-वृंदावन की पूर्व मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को आगरा, फिरोजाबाद की जिम्मेदारी मंत्री धर्मपाल सिंह को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन प्रभारियों में ज्यादातर मंत्री ही शामिल हैं जिनको चुनाव में बड़ा टास्क पकड़ाया गया है।

परिणाम आने के बाद तय होगी मंत्रियों की जवाबदेही
इसके अलावा अलीगढ़ की जिम्मेदारी मंत्री जयवीर सिंह, शाहजहांपुर की राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, बरेली की मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, कानपुर नगर की मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, झांसी की मंत्री बेबी रानी मौर्य, मंत्री सुरेश खन्ना को लखनऊ की, अयोध्या की मंत्री सूर्य प्रताप शाही, प्रयागराज की मंत्री जतिन प्रसाद, वाराणसी की उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और गोरखपुर के राज्य मंत्री अरुण सक्सेना को नगर निगम चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया है। नगर निगम चुनाव में जिस तरह के परिणाम मिलेंगे उसके बाद मंत्रियों की भी जवाबदेही तय की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications