Bareilly News: बरेली में 48 घंटे इंटरनेट और SMS सेवाएं बंद, जानिए प्रशासन ने क्यों उठाया ऐसा कदम
Bareilly News: बरेली ज़िले में प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। 2 अक्टूबर दोपहर 3 बजे से 4 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक पूरे ज़िले में इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं बंद रहेंगी। यह फैसला अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोकने के लिए लिया गया है।
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर अफवाहें तेज़ी से फैल रही हैं। छोटी-छोटी बातों को तूल देने से शहर में तनाव फैलने की आशंका थी। वहीं पिछले दिनों हुई घटना को भी लेकर पुलिस अलर्ट है। प्रशासन ने नागरिकों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

इस दौरान मोबाइल डेटा, ब्रॉडबैंड और सभी मैसेजिंग सेवाएं बंद रहेंगी। अगर स्थिति सामान्य रही तो एक निश्चित समय के बाद ये सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी असुविधा ज़रूर होगी लेकिन सुरक्षा के लिए यह कदम जरूरी है।
सोशल मीडिया का न हो गलत इस्तेमाल
गृह विभाग के सचिव गौरव दयाल ने बताया कि बरेली में जुमे के बाद हुई घटनाओं ने साफ कर दिया कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल अशांति बढ़ा सकता है। इसलिए 48 घंटे की रोक प्रशासन ने जरूरी समझी।
जिले के डीएम, एसएसपी और सभी टेलीकॉम कंपनियों को आदेश दे दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की बार-बार अपील की है। यह कदम सिर्फ शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए है।
पूरी तरह हाई अलर्ट पर है पुलिस
26 सितंबर के बवाल के बाद पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। दशहरा और जुमे को देखते हुए शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दूसरे जिलों से करीब 8 हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिनमें 6 हजार अकेले शहर में मौजूद हैं।
सुरक्षा में संवेदनशील इलाकों में ड्रोन निगरानी भी शामिल है। दशहरा मेलों में भी विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का मकसद किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
बिना पुष्टि की खबरें न करें शेयर
इस दौरान इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं के न होने से लोगों को दिक्कत हो सकती है। अधिकारियों ने कहा कि लोग अफवाहों में न फंसे और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि की खबरें साझा न करें।
गौरव दयाल ने बताया कि अगर हालात सामान्य रहे, तो 4 अक्टूबर दोपहर 3 बजे के बाद सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी। प्रशासन लगातार लोगों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications