Barabanki Stampede : 'बंदर की वजह से मची भगदड़', सामने आई बाराबंकी हादसे की हैरतअंगेज सच्चाई
Barabanki Stampede : सावन के सोमवार के पावन दिन यूपी के बाराबंकी स्थित औसानेश्वर मंदिर में उस वक्त मातम पसर गया जब यहां एकदम से भगदड़ मच गई जिसमें 2 लोगों की मौत और 35 से ज्यादा लोगों के घायल हो गए। घायलों को तुरंत त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है, जो लोग ज्यादा गंभीर हैं उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
इस बारे में जानकारी देते हुए बाराबंकी के डीएम शशांक त्रिपाठी ने कहा कि 'सावन के सोमवार को श्रद्धालु औसानेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करने आए थे। एक बंदर ने बिजली के तार को खींचा जिसकी वजह से एक टिन शेड पर गिर गया। करंट लगने से कई लोग घायल हो गए।'

'घायलों को हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। दो लोगों की हालत गंभीर है और उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है...यहां कानून-व्यवस्था सामान्य है।'
5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा
तो वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर संज्ञान लिया है और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के लिए 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। यही नहीं सीएम ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने तथा घायलों के उचित इलाज सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
'यह घटना औसानेश्वर मंदिर में रात करीब 2.30 बजे हुई'
तो वहीं सीएमओ अवधेश प्रसाद का कहना है, 'यह घटना औसानेश्वर मंदिर में रात करीब 2-2.30 बजे हुई। कुछ लोग बिजली के तारों के संपर्क में आ गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कुल 29 लोगों को हैदरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। इनमें से एक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर है। नौ लोगों को त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जिनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया और बाकी सात खतरे से बाहर हैं... छह और घायल हुए थे, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया... सभी को छुट्टी दे दी गई है।'
हरिद्वार हादसे में हुई 8 की मौत (Stampede)
आपको बता दें कि आज जैसे यूपी के बाराबंकी में ये हादसा हुआ है, ठीक वैसे ही रविवार को उत्तराखंड के हरिद्वार में भी घटना घटी थी, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई थी। यहां भी मनसा देवी मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ मची थी क्योंकि किसी ने अफवाह फैला दी कि मंदिर के पास के तारों में करंट है, हालांकि ये झूठी बात थी। राष्ट्रपति मुर्मु, पीएम मोदी और सीएम धामी ने इस घटना पर गहरा शोक प्रकट किया है।












Click it and Unblock the Notifications