बहराइच: गठबंधन में हुई रार, अखिलेश ने उतारा कांग्रेस के खिलाफ अपना उम्मीदवार
जिले की पयागपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस और सपा दोनों दलों के प्रत्याशी एक-दूसरे के सामने मैदान में आ रहे हैं। जबकि गठबंधन के तहत ये सीट कांग्रेस के खाते में दी गयी है।
बहराइच। सूबे में सपा कांग्रेस के बीच हुए गठबंधन में अब रार होती आती नजर आ रही है। जहां एक तरफ राहुल और अखिलेश प्रदेश में संयुक्त रूप से सभाएं कर रहे हैं। वहीं, जिले की पयागपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस और सपा दोनों दलों के प्रत्याशी एक-दूसरे के सामने मैदान में आ रहे हैं। जबकि गठबंधन के तहत ये सीट कांग्रेस के खाते में दी गयी है। ऐसे में मौजूदा विधायक व प्रत्याशी का कहना है कि अखिलेश यादव के निर्णय पर ही उन्होंने सपा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन करवाया है। ये भी पढ़ें: वाराणसी: पर्चा भरने बैलगाड़ी से पहुंचे प्रत्याशी, बताया क्यों ऐसा किया?
प्रदेश में सपा-कांग्रेस के बीच हुए गठबंधन के तहत जिले की नानपारा, महसी और पयागपुर सीट कांग्रेस को दी गयी है। लेकिन गुरुवार को पयागपुर विधानसभा पर सपा-कांग्रेस गठबंधन टूटता दिखाई दिया। दरअसल, कांग्रेस को सीट मिलने के बाद यहां से भगतराम मिश्रा ने गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया है और वे लगातार क्षेत्र में प्रचार भी कर रहे हैं। लेकिन गुरुवार को ही नामांकन के आख़िरी दिन पयागपुर से सपा के मौजूदा विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने सपा प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन करवाकर सबको चौंका दिया है।
वहीं, सपा प्रत्याशी मुकेश का कहना है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। वहीं, इस बारे में जब पयागपुर से गठबंधन के उम्मीदवार भगतराम मिश्रा से बात की गयी तो उनका कहना था कि आलाकमान ने उन्हें पयागपुर से गठबंधन के तहत कांग्रेस से प्रत्याशी बनाया है। भगतराम ने इस सीट से खुद के खड़े होने की उम्मीद जताई है और साथ ही अखिलेश के इस फैसले को वापस लेने की भी बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications